बिजनेस

अब दुनिया के सबसे रईस शख्स नहीं हैं एलन मस्क, इस साल हुआ अरबों का नुकसान

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Dec 14, 2022, 10:04 AM IST

Richest Man Of The World: दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में टॉप 5 में बर्नार्ड अरनॉल्ट, एलन मस्क, गौतम अडानी, जेफ बेजोस और वॉरेन बफेट हैं। मुकेश अंबानी इस लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं।

Image

अब दुनिया के सबसे रईस शख्स नहीं हैं एलन मस्क, इस साल हुआ अरबों का नुकसान

Photo : BCCL

नई दिल्ली। काफी समय तक दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट पर राज करने के बाद अब माइक्रोब्लॉगिंग साइट एलन मस्क (Elon Musk) विश्व के सबसे अमीर अरबपति नहीं हैं। LVMH के मालिक बर्नार्ड अरनॉल्ट (Bernard Arnault) ने मस्क से ये खिताब छीन लिया है। दरअसल इस साल टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) की संपत्ति में 107 अरब डॉलर की कमी आई है। दोनों ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स और फोर्ब्स रियल टाइम लिस्ट के अनुसार एलन मस्क अब अरनॉल्ट से पीछे हैं।

क्यों 200 अरब डॉलर से कम हुई मस्क की संपत्ति?

51 वर्षीय एलन मस्क ने इस साल अक्टूबर के अंत में ट्विटर को खरीद लिया था। इसके अधिग्रहण के बाद उन्हें अरबों का नुकसान हुआ है, जबकि इससे पहले वह 200 अरब डॉलर से भी ज्यादा की संपत्ति के मालिक थे। वे दुनिया के एकमात्र ऐसे शख्स थे जिनके पास 200 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति है। निवेशकों ने टेस्ला के शेयरों को इस डर से छोड़ दिया क्योंकि उन्हें लगा कि इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता के शीर्ष कार्यकारी और सबसे बड़े शेयरधारक ट्विटर के साथ अधिक व्यस्त हैं।

अब कितनी संपत्ति के मालिक हैं मस्क और अरनॉल्ट?

ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार, एलन मस्क की संपत्ति (Elon Musk networth) अब 164 अरब डॉलर है। वहीं दुनिया के सबसे अमीर आदमी, बर्नार्ड अरनॉल्ट के पास 171 अरब डॉलर की संपत्ति (Bernard Arnault networth) है, यानी मस्क से 7 अरब डॉलर ज्यादा। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स के मुताबिक एलन मस्क की संपत्ति 176.8 अरब डॉलर है, वहीं बर्नार्ड अरनॉल्ट 188.6 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।

मस्क से कम है अडानी की दौलत

उल्लेखनीय है कि भारत के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी (Gautam Adani) मस्क के ठीक पीछे, तीसरे स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक अडानी 125 अरब डॉलर और फोर्ब्स के अनुसार अडानी की संपत्ति 134.2 अरब डॉलर है।

मस्क ने बेचे टेस्ला के शेयर

पिछले महीने टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क ने इलेक्ट्रिक कार कंपनी में करीब 4 अरब डॉलर के शेयर बेचे थे। 44 अरब डॉलर में ट्विटर के अधिग्रहण के बाद यह कदम उठाया गया था। यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के दस्तावेजों से पता चला है कि मस्क ने टेस्ला स्टॉक के जरिए ट्विटर की खरीदारी को बड़ा हिस्सा फाइनेंस किया था।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article