बिजनेस

E20 से आगे बढ़ा भारत, अब आएगा E30 पेट्रोल! कच्चे तेल के संकट के बीच एथेनॉल पर सरकार का बड़ा दांव

क्रूड ऑयल के वैश्विक संकट के बीच भारत पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर बड़ा कदम उठाया है। देश में मौजूदा E20 मानकों से आगे बढ़कर अब E30 तक जाने का रास्ता साफ हो गया।

Image

30 फीसदी तक होगी एथेनॉल ब्लेंडिंग

ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड यानी BIS ने देश में पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग के नए मानक और गाइडलाइन जारी किए हैं। BIS की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक अब पेट्रोल में E22, E25, E27 और E30 ब्लेंडिंग के लिए आधिकारिक मानक तय कर दिए गए हैं। इस तरह भारत में E20 से परे एथेनॉल ब्लेंडिंग का रास्ता खुल गया है।

US-Iran के बीच जारी जंग के बीच कच्चे तेल की सप्लाई में आ रही बाधाओं को देखते हुए भारत क्रूड आयात पर निर्भरता घटाने और वैकल्पिक ईंधन स्रोतों पर जोर दे रहा है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ही E22, E25, E27 और E30 जैसे हाई एथेनॉल ब्लेंडिंग पेट्रोल के लिए औपचारिक रूप से फ्यूल स्टैंडर्ड गाइडलाइन तैयार किए गए हैं। इसे देश के एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के अगले चरण के लिए एक नियामक ढांचे के तौर पर देखा जा रहा है।

कब जारी हुई अधिसूचना?

15 मई, 2026 को जारी अधिसूचना में भारतीय मानक ब्यूरो ने बताया है कि पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग के लिए E22, E25, E27 और E30 के लिए मानक IS 19850:2026 मानक स्थापित किए गए हैं। ये मानक पेट्रोल से चलने वाले वाहनों में इस्तेमाल के लिए हाई एथेनॉल-पेट्रोल ब्लेंडिंग के लिए गाइडलाइन को परिभाषित करते हैं और यह सरकार के मौजूदा E20 ब्लेंडिंग लक्ष्य से परे बायो फ्यूल रोडमैप का विस्तार करते हैं।

क्यों लिया गया यह फैसला?

यह अधिसूचना भारत में एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने के व्यापक प्रयास की तरफ उठाए जाने वाले कदमों को दिखाती है। केंद्र सरकार की तरफ से बार-बार कहा जा रहा है कि हाई एथेनॉल ब्लेंडिंग क्रूड ऑयल के आयात को कम करने, घरेलू कृषि का समर्थन करने और वाहनों से होने वाला उत्सर्जन को कम करने में मदद कर सकता है।

भारत ने हाल के वर्षों में एथेनॉल ब्लेंडिंग को तेजी से बढ़ाया है। सरकार के लक्ष्यों के मुताबिक 2030 से पेट्रोल में 20 फीसदी तक एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य है।

E20 रोलआउट

इस वर्ष की शुरुआत में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर 18 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग के निशान को पार कर चुका है। 2023 में सरकार ने चरणबद्ध तरीके से चुने हुए रिटेल आउटलेट्स पर E20 ईंधन लॉन्च किया था। इसके बाद, वाहन बनाने वाली कंपनियों ने सरकार की समयसीमा और ईंधन निर्देशों के हिसाब से E20 कंप्लायंट वाहन को पेश करना शुरू कर दिए।

E85 की भी हो रही चर्चा

क्रूड ऑयल संकट के बीच पिछले कुछ दिनों में E85 जैसे हाई एथेनॉल ब्लेंडिंग तक जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा होने लगी है। केंद्रीय मंत्रियों और पेट्रोलियम क्षेत्र के अधिकारियों का कहना है कि सरकार फ्यूल डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम, व्हीकल कंप्लायंस और सप्लाई चेन का परीक्षण कर रही है, ताकि हाई एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर कोई व्यापक कार्यक्रम शुरु किया जाए।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article