Dhoot Transmission IPO Listing : पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन से धमाल मचाने वाले Dhoot Transmission के शेयरों ने सोमवार को शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की। बाजार में कमजोरी के बावजूद Bain Capital समर्थित ऑटो कंपोनेंट कंपनी के शेयर करीब 38% प्रीमियम पर लिस्ट हुए। IPO में शेयर का इश्यू प्राइस ₹871 था, जबकि NSE पर इसकी लिस्टिंग ₹1,200 और BSE पर ₹1,193.80 पर हुई। यानी IPO निवेशकों को लिस्टिंग के साथ ही करीब ₹329 प्रति शेयर का फायदा मिला।
BSE पर Dhoot Transmission के शेयर ₹1,193.80 पर लिस्ट हुए, जो इश्यू प्राइस से 37.06% ज्यादा है। वहीं NSE पर ₹1,200 की लिस्टिंग के साथ शेयर ने 37.77% का प्रीमियम दिया। कंपनी का लिस्टिंग के समय मार्केट कैप करीब ₹24,419 करोड़ रहा।
GMP से भी बेहतर रही लिस्टिंग
कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग बाजार के अनुमान से भी बेहतर रही। लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में Dhoot Transmission का शेयर करीब ₹258 के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा था। इसके आधार पर करीब ₹1,129 की लिस्टिंग का अनुमान लगाया जा रहा था। लेकिन NSE पर शेयर ₹1,200 पर लिस्ट हुआ। यानी ग्रे मार्केट के अनुमान से भी करीब ₹71 ऊपर इसकी शुरुआत हुई। इससे साफ है कि निवेशकों ने कंपनी के शेयर में मजबूत दिलचस्पी दिखाई।
3,066 करोड़ का IPO, 74 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब
Dhoot Transmission का ₹3,066.89 करोड़ का IPO 10 अगस्त से 12 अगस्त तक खुला था। इस इश्यू को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और यह कुल 74.21 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी को 2.50 करोड़ शेयरों के मुकाबले 185.20 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। सबसे ज्यादा उत्साह क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की ओर से देखने को मिला। उनका हिस्सा 212.92 गुना सब्सक्राइब हुआ। नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों का हिस्सा 51.93 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 8.12 गुना सब्सक्राइब हुआ। IPO में 50% हिस्सा क्यूआईबी, 35% रिटेल और 15% हिस्सा एनआईआई के लिए रिजर्व था।
एंकर निवेशकों ने भी दिखाया भरोसा
IPO खुलने से पहले कंपनी ने 72 एंकर निवेशकों से ₹918.27 करोड़ जुटाए थे। इन्हें ₹871 प्रति शेयर की कीमत पर शेयर आवंटित किए गए। एंकर निवेशकों में घरेलू म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी भी काफी रही। कंपनी के अनुसार कुल एंकर आवंटन में से 61.27% शेयर आठ घरेलू म्यूचुअल फंड्स की 46 योजनाओं को दिए गए। वहीं लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों और पेंशन फंड्स को करीब 8.74% शेयर मिले।
पैसा कहां करेगी कंपनी खर्च?
Dhoot Transmission का IPO पूरी तरह फ्रेश इश्यू नहीं था। इसमें ₹1,400 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹1,666.89 करोड़ का ऑफर फॉर सेल शामिल था। फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, कैपिटल एक्सपेंडिचर, वर्किंग कैपिटल और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए करेगी। कंपनी को उम्मीद है कि इससे बैलेंस शीट मजबूत होगी और आगे की ग्रोथ के लिए वित्तीय स्थिति बेहतर होगी। महाराष्ट्र की Dhoot Transmission दो दशक से ज्यादा समय से ऑटोमोबाइल और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट्स बनाती है। कंपनी वायरिंग हार्नेस, ऑटोमोटिव स्विच, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर और कंट्रोलर, कनेक्टर, टर्मिनल, ऑटोमोटिव केबल, पावर कॉर्ड और बैटरी पैक जैसे उत्पाद बनाती है। कंपनी में Bain Capital की करीब 49% हिस्सेदारी है।
