बिजनेस

दिल्ली में सस्ता घर खरीदने का मौका, 33.51 लाख में मिलेगा 1 BHK; ऐसे करें बुकिंग

डीडीए (DDA) की कर्मयोगी आवास योजना के तहत फ्लैट्स पर 25% की भारी छूट दी जा रही है। इस स्कीम में 1 BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत ₹33.51 लाख, 2 BHK की ₹75.60 लाख और 3 BHK फ्लैट की कीमत ₹1.06 करोड़ से शुरू होती है। इन फ्लैट्स के लिए ऑनलाइन बुकिंग 26 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है।

Image

DDA Housing Scheme 2026

देश की राजधानी दिल्ली में अपना घर होने का सपना अब सरकारी कर्मचारियों के लिए सच होने जा रहा है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपनी 'कर्मयोगी आवास योजना 2025-26' के तहत नरेला में 936 नए फ्लैट्स लॉन्च किए हैं। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें फ्लैट्स की कीमतों पर 25% की भारी छूट दी जा रही है। योजना की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च होते ही करीब 75% फ्लैट्स की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। अगर आप भी दिल्ली में एक सुरक्षित और किफायती आशियाना ढूंढ रहे हैं, तो यह आपके लिए बेहतरीन मौका है।

कितनी है कीमत

डीडीए की इस स्कीम में 1 BHK, 2 BHK और 3 BHK कैटेगरी के फ्लैट्स उपलब्ध हैं। 25 फीसदी डिस्काउंट के बाद, 1 BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत महज ₹33.51 लाख रखी गई है। वहीं, मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए 2 BHK फ्लैट ₹75.60 लाख से और बड़े परिवारों के लिए 3 BHK फ्लैट ₹1.06 करोड़ की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध हैं। ये सभी फ्लैट्स 'फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी' हैं, जिसका मतलब है कि खरीदार के पास जमीन और निर्माण पर पूरा मालिकाना हक होगा।

किसे मिलेगा इस योजना का लाभ?

यह विशेष हाउसिंग स्कीम मुख्य रूप से कार्यरत और सेवानिवृत्त (Retired) सरकारी कर्मचारियों के लिए तैयार की गई है। इसमें केंद्र सरकार, राज्य सरकार, पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU), पब्लिक सेक्टर बैंक (PSB), सरकारी विश्वविद्यालयों और स्वायत्त निकायों (Autonomous Bodies) के कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। डीडीए का उद्देश्य सरकारी सेवा देने वाले लोगों को दिल्ली में एक सम्मानजनक और सुरक्षित रिहायशी माहौल प्रदान करना है।

शानदार लोकेशन और कनेक्टिविटी

नरेला दिल्ली के एक उभरते हुए रिहायशी और इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित हो रहा है। ये फ्लैट्स UER-II और GT करनाल रोड के बेहद करीब स्थित हैं, जिससे दिल्ली के अन्य हिस्सों और हरियाणा की ओर आवाजाही आसान हो जाती है। यहां से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने में महज 40 मिनट का समय लगता है। सबसे खास बात यह है कि नरेला को जल्द ही मेट्रो रेल से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे भविष्य में यहां की प्रॉपर्टी वैल्यू काफी बढ़ने की संभावना है।

आधुनिक सुविधाएं और 'रेडी-टू-मूव' का भरोसा

डीडीए के ये फ्लैट्स पूरी तरह बनकर तैयार हैं, यानी आप पैसा जमा कर तुरंत शिफ्ट हो सकते हैं। फ्लैट्स में बड़ी बालकनी, पर्याप्त पार्किंग और कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सुरक्षा के लिहाज से यहां पूर्व सैनिकों की तैनाती की गई है। यह इलाका एक एजुकेशन हब के रूप में भी विकसित हो रहा है और फ्लैट्स के सामने विशाल वन क्षेत्र होने के कारण यहाँ का वातावरण काफी शुद्ध और हरा-भरा है। इच्छुक खरीदार बुकिंग से पहले साइट पर जाकर 'सैंपल फ्लैट' भी देख सकते हैं।

आवेदन की प्रक्रिया और जरूरी बातें

इस योजना के तहत बुकिंग 26 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है और आवंटन 'पहले आओ-पहले पाओ' (First Come-First Serve) के आधार पर किया जा रहा है। आवेदन करने के लिए आपको डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट dda.gov.in या eservices.dda.org.in पर जाना होगा। चूंकि फ्लैट्स बहुत तेजी से बुक हो रहे हैं, इसलिए सलाह दी जाती है कि अपने दस्तावेज तैयार रखें और जल्द से जल्द पंजीकरण कराएं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article