बिजनेस

देश के वो शहर जहां से आपकी कमाई पर डाला जाता है डाका,नाम सुनकर नहीं होगा यकीन

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated May 2, 2023, 01:26 PM IST

Cyber crime hotspots and cities name in india:ऐसा नहीं है कि जामताड़ा और नूह ही ऐसे शहर हैं, जहां से पूरे देश में आम लोगों की कमाई पर डाका डाला जा रहा है। बल्कि पूरे देश में छोटे-बड़े 36 हॉट स्पॉट बन गए हैं। जहां से अपराधियों की नजर आम लोगों की कमाई पर है। ऐसा करने वाले ज्यादातर युवा हैं। जिनकी उम्र 18-30 साल के बीच है।

Image

साइबर क्राइम के 30 से ज्यादा शहर में अपराधी एक्टिव

Cyber Crime Hotspots and cities name:हरियाणा का शहर नूह नए जामताड़ा के नाम से चर्चा में है। पिछले हफ्ते देर रात चलाए गए ऑपरेशन में पुलिस ने 125 लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद 65 लोगों के खिलाफ 16 FIR दर्ज की गई। इस ऑपरेशन का दायरा कितना बड़ा था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने नूह के 300 गांवों के 14 लोकेशन पर ऑपरेशन चलाया था। पूरा मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ है। नूह में पुलिस के ऑपरेशन से साफ है कि झारखंड के जामताड़ा की तरह एक नया शहर साइबर क्राइम की गढ़ बना गया है और उसकी जड़े गांवों तक पहुंच गई है।

लेकिन ऐसा नहीं है कि जामताड़ा और नूह ही ऐसे शहर हैं, जहां से पूरे देश में आम लोगों की कमाई पर डाका डाला जा रहा है। बल्कि पूरे देश में छोटे-बड़े 36 हॉट स्पॉट बन गए हैं। जहां से अपराधियों की नजर आम लोगों की कमाई पर है। ऐसे में एक छोटी सी चूक किसी आम आदमी की गाढ़ी कमाई का सफाया कर सकती है। और ऐसा करने वाले ज्यादातर युवा हैं। जिनकी उम्र 18-30 साल के बीच है।

इन शहरों से चल रहा है गोरखधंधा

सरकार के सूत्रों द्वारा न्यूज पीटीआई को दी गई जानकारी के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, गुजरात और आंध्र प्रदेश में के 3 दर्जन से ज्यादा शहरों से साइबर अपराधी लोगों को शिकार बना रहे हैं।

  • हरियाणा- मेवात, नूह, भिवाड़ी, पलवल, मनोटा, हसन पुर, हाथन गांव
  • दिल्ली- अशोक नगर, उत्तम नगर, शकरपुर, हरकेश नगर, ओखला, आजादपुर
  • बिहार- बांका, बेगूसराय, जमुई,नवादा,नालंदा, गया
  • असम- बरपेटा, ढुबरी, गोलपाड़ा, मोरीगांव, नौगांव
  • झारखंड-जामताड़ा, देवघर
  • पश्चिम बंगाल- आसनसोल, दुर्गापुर
  • गुजरात-अहमदाबाद, सूरत
  • उत्तर प्रदेश- आजमगढ़
  • आंध्र प्रदेश-चित्तूर

1930 नंबर पर तुरंत करें शिकायत

सबसे पहली बात कभी भी किसी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक अकाउंट की संवेदनशील जानकारी शेयर नहीं करें। इसके तहत ओटीपी, पासवर्ड, कार्ड डिटेल्स, सीवीवी नंबर शेयर नहीं करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अनजान क्यू आर कोड आदि पर पेमेंट आदि से बचें। अगर इसके बाद भी आपके साथ साइबर फ्रॉड हो जाए तो राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और उसके टोल फ्री नंबर 1930 पर सीधें शिकायत दर्ज की जा सकती है। बीते मार्च में गृह मंत्री अमित शाह ने बताया था कि इस पोर्टल के जरिए साइबर अपराधियों से 1.33 लाख लोगों के 235 करोड़ रुपये रिकवर किए जा चुके हैं।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article