बिजनेस

Multibagger Stocks: एक साल में 500% से ज्यादा रिटर्न, अब बोनस की तैयारी; 29 जनवरी को होगी बोर्ड मीटिंग

Share Market में अक्सर ऐसे मल्टीबैगर स्टॉक्स की चर्चा रहती है, जो निवेशकों की पूंजी को कई गुना बढ़ा देते हैं। ऐसा ही एक स्टॉक है Cupid Ltd का, जिसने पिछले एक साल में निवेशकों की पूंजी को 5 गुना से ज्यादा बढ़ा दिया है। अब यह फिर सुर्खियों में है, क्योंकि कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि 29 जनवरी 2026 को बोर्ड मीटिंग होगी, जिसमें दिसंबर तिमाही के नतीजों के साथ-साथ बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

Cupid Bonus

क्यूपिड दे रही बोनस (इमेज क्रेडिट, ओपन एआई)

Cupid Bonus Share 2026: पर्सनल केयर और हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स बनाने वाली Cupid Ltd ने बताया है कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इस मीटिंग में कंपनी दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही के अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दे सकती है। इसी बैठक में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर भी विचार और मंजूरी की संभावना है। कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक बोर्ड मीटिंग के एजेंडा में स्पष्ट तौर पर “Proposal for declaration of Bonus Shares” शामिल किया गया है। ऐसे में निवेशकों की नजर अब 29 जनवरी की बैठक पर टिकी है, क्योंकि इसी दिन यह तय होगा कि कंपनी बोनस शेयर जारी करती है या नहीं।

Cupid BSE Smallcap Index का हिस्सा है और कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 11,893 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है। वहीं कंपनी का फ्री-फ्लोट मार्केट कैप करीब 6,023 करोड़ रुपये है। Smallcap सेगमेंट में यह साइज यह भी दिखाता है कि स्टॉक में लिक्विडिटी और निवेशकों की दिलचस्पी दोनों मौजूद हैं। यही वजह है कि कॉर्पोरेट एक्शन की खबर आते ही इसमें तेज मूव देखने को मिल रहा है।

शेयर में तूफानी तेजी जारी

बोनस की खबर के बाद Cupid के शेयरों में आज मजबूती देखने को मिली। NSE पर शेयर 431.20 रुपये के आसपास फ्लैट खुले और शुरुआती कारोबार में 445 रुपये तक पहुंच गए, यानी करीब 3% की बढ़त दर्ज हुई। सुबह करीब 10 बजे के आसपास शेयर 443 रुपये के स्तर पर 2.85% की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा था। ट्रेडिंग वॉल्यूम भी काफी तेज रहा। बाजार खुलने के पहले 45 मिनट में ही करीब 50 लाख शेयरों का कारोबार हुआ। यह संकेत देता है कि बोनस और नतीजों से पहले स्टॉक में एक्टिविटी बढ़ रही है और बाजार इसमें किसी बड़े ट्रिगर की उम्मीद कर रहा है। BSE पर भी शेयर 442.65 रुपये के आसपास करीब 2.70% की तेजी के साथ ट्रेड करता दिखा।

ट्रेंड मजबूत

Cupid के शेयर लगातार तीन ट्रेडिंग सेशन से बढ़त दिखा रहे हैं। मूविंग एवरेज के हिसाब से स्टॉक 5-डे, 50-डे, 100-डे और 200-डे मूविंग एवरेज से ऊपर ट्रेड कर रहा है, जो मीडियम और लॉन्ग टर्म ट्रेंड की मजबूती का संकेत देता है। हालांकि शेयर 20-डे मूविंग एवरेज से नीचे बना हुआ है, जिससे यह संकेत मिलता है कि शॉर्ट टर्म में स्टॉक को कुछ स्तरों पर रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है।

पहले भी बोनस दे चुकी है कंपनी

अगर 29 जनवरी को Cupid बोनस शेयर जारी करने का ऐलान करती है, तो यह 2018 के बाद कंपनी का तीसरा बोनस इश्यू होगा। BSE के डेटा के मुताबिक Cupid ने पहली बार 2018 में 1:5 के अनुपात में बोनस शेयर जारी किए थे। इसके बाद कंपनी ने 2024 में 1:1 के रेश्यो में बोनस इश्यू किया था। कंपनी का यह ट्रैक रिकॉर्ड निवेशकों के लिए पॉजिटिव माना जाता है, क्योंकि बार-बार बोनस जारी करना आमतौर पर शेयरहोल्डर फ्रेंडली पॉलिसी और कैपिटल स्ट्रक्चर में मजबूती का संकेत देता है।

1 साल में 533% का मल्टीबैगर रिटर्न

Cupid के शेयरों ने पिछले एक साल में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। आंकड़ों के मुताबिक स्टॉक ने 1 साल में 533% की तेजी दर्ज की है, जो इसे सीधे मल्टीबैगर कैटेगरी में ले आता है। कम समय में रिटर्न की बात करें तो पिछले 3 महीनों में Cupid शेयर ने करीब 77% का रिटर्न दिया है, जबकि इसी अवधि में BSE Sensex में लगभग 2% की बढ़त रही। वहीं 180 दिनों यानी करीब 6 महीनों में स्टॉक ने 272% की छलांग लगाई है, जिससे निवेशकों की वेल्थ में बड़ा उछाल आया है। इस तेज रैली ने स्टॉक को बाजार में चर्चा का केंद्र बना दिया है और अब बोनस इश्यू की संभावना ने इसमें नया ट्रिगर जोड़ दिया है।

दमदार नतीजे

Cupid के फंडामेंटल्स में भी मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही यानी Q2 FY26 में कंपनी ने नेट प्रॉफिट 24 करोड़ रुपये दर्ज किया था। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 10 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर मुनाफा दो गुना से भी ज्यादा बढ़ा है। कंपनी की कुल आय भी मजबूत रही। Q2 में Cupid की टोटल इनकम 90 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 47 करोड़ रुपये थी। इससे साफ है कि कंपनी की ग्रोथ सिर्फ शेयर प्राइस तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑपरेशनल लेवल पर भी विस्तार दिख रहा है।

100 करोड़ से ज्यादा प्रॉफिट का अनुमान

Cupid ने FY26 के लिए बड़ा आउटलुक दिया है। कंपनी को उम्मीद है कि पूरे वित्त वर्ष 2026 में उसका नेट प्रॉफिट 100 करोड़ रुपये से ज्यादा रह सकता है। अब 29 जनवरी को आने वाले Q3 नतीजे निवेशकों के लिए अहम होंगे, क्योंकि बाजार यह देखना चाहेगा कि क्या कंपनी की ग्रोथ ट्रेंड बरकरार है और क्या यह गाइडेंस के अनुरूप आगे बढ़ रही है। बोनस इश्यू का ऐलान अगर इसी दिन होता है, तो स्टॉक में शॉर्ट टर्म में तेज हलचल देखने को मिल सकती है।

डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

यतींद्र लवानिया
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article