बिजनेस

Petrol-Diesel Rate Today: कच्चे तेल और डीजल पर सरकार का बड़ा फैसला, जानिए अब कितनी हुई पेट्रोल-डीजल की कीमत

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Dec 2, 2022, 11:02 AM IST

Petrol and Diesel Price Today (आज का डीजल-पेट्रोल का रेट), 02 December 2022: एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार कच्चे तेल पर लगने वाले अप्रत्याशित लाभ कर की नई दरें आज यानी दो दिसंबर 2022 से प्रभावी हो गई हैं।

Image

Petrol-Diesel Rate Today: कच्चे तेल-डीजल पर सरकार का बड़ा फैसला, अब इतनी हुई पेट्रोल-डीजल की कीमत

Photo : iStock

Petrol-Diesel Rate Today, 02 December 2022: कच्चे तेल (Crude Oil) और डीजल (Diesel) पर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने डोमेस्टिक स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर लगाए जाने वाले अप्रत्याशित लाभ कर यानी विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax) को कम करके आधा कर दिया है। इसके साथ ही डीजल पर लगने वाले शुल्क को भी घटाया गया है। ऑयल और नेचुरल गैस निगम (ONGC) जैसी कंपनियों की ओर से निकाले गए कच्चे तेल पर अप्रत्याशित लाभ टैक्स को 10,200 रुपये प्रति टन से कम करके 4,900 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। वहीं डीजल के निर्यात पर लगाए जाने वाले शुल्क को 10.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर आठ रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। मालूम हो कि इस शुल्क में 1.5 रुपये प्रति लीटर का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर सेस भी शामिल है।

उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय में पेट्रोल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क नहीं लगाया जा रहा है। वहीं विमान ईंधन एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर यह पांच रुपये प्रति लीटर है। मालूम हो कि जब इस उपकर को पहली बार लगाया गया था, तो डीजल और एटीएफ के साथ पेट्रोल के निर्यात पर भी अप्रत्याशित लाभ टैक्स लगाया गया था। लेकिन बाद में पेट्रोल पर कर को हटा दिया गया।

पेट्रोल-डीजल की कीमत पर क्या पड़ा असर?

अब सवाल ये है कि इससे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत पर क्या असर पड़ा है। पिछले कई दिनों की तरह भारत में आज भी ईंधन की कीमत नहीं बदली है। मई 2022 के बाद से देश के प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल की कीमत स्थिर है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये प्रति लीटर है। यहां डीजल का दाम 89.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल और डीजल का दाम क्रमश: 106.31 रुपये और 94.27 रुपये है। कोलकाता में पेट्रोल के लिए लोग 106.03 रुपये प्रति लीटर और डीजल के लिए लोग 92.76 रुपये प्रति लीटर चुका रहे हैं। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल का दाम 102.63 रुपये और एक लीटर डीजल का दाम 94.24 रुपये है।

नवंबर में बढ़ी पेट्रोल-डीजल की बिक्री

एग्रीकल्चर सेक्टर की बढ़ती मांग से नवंबर में देश में पेट्रोल और डीजल की बिक्री सालाना आधार पर दहाई अंक में बढ़ी है। पिछले महीने पेट्रोल की बिक्री 11.7 फीसदी बढ़कर 26.6 लाख टन हो गई। वहीं पिछले साल के इसी महीने में यह आंकड़ा 23.8 लाख टन का था। मासिक आधार पर देखें, तो बिक्री 1.3 फीसदी बढ़ी है। देश में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले ईंधन, डीजल की बात करें, तो इसकी बिक्री नवंबर में 27.6 फीसदी बढ़कर 73.2 लाख टन हो गई।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article