Credit Card on FD: क्या आप भी अपने खराब हो चुके क्रेडिट स्कोर को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं या पहली बार क्रेडिट कार्ड लेने जा रहे हैं अगर हां तो ये जानकारी आपके काम की साबित होगी। आप एफडी के बदले क्रेडिट कार्ड पा सकते हैं। दरअसल, पैसा बाजार और एसबीएम बैंक इंडिया ने मिलकर SBM Paisabazaar Paisa+ Credit Card लॉन्च किया है। यह एक सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड है, जिसे ग्राहक केवल 2,000 रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के बदले ले सकते हैं।
किन लोगों के लिए लाया गया है ये क्रेडिट कार्ड
यह कार्ड खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जिनकी कोई क्रेडिट हिस्ट्री नहीं है। आमतौर पर ऐसे ग्राहकों को पहला क्रेडिट कार्ड मिलने में काफी मुश्किल होती है, जिससे उनका क्रेडिट स्कोर बनाना और औपचारिक क्रेडिट सिस्टम में शामिल होना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
2,000 की FD पर मिलेगा कार्ड
SBM Paisabazaar Paisa+ एक सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड है, इसलिए इसे पाने के लिए ग्राहक को बैंक में FD करवानी होगी। यह कार्ड FD के बदले जारी किया जाता है, इसलिए इसके आवेदन के रिजेक्ट होने की संभावना काफी कम रहती है। यही वजह है कि यह कार्ड न्यू-टू-क्रेडिट ग्राहकों के लिए एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है। अगर ग्राहक इस कार्ड का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें और समय पर बिल का भुगतान करें, तो वे धीरे-धीरे अपनी क्रेडिट प्रोफाइल को मजबूत बना सकते हैं। यह सुविधा उन लोगों के लिए भी काम की साबित हो सकती है, जो अपने खराब क्रेडिट स्कोर को सुधारना चाहते हैं।
खर्चों पर मिलेगा कैशबैक
इस कार्ड की एक बड़ी खासियत इसका कैशबैक बेनिफिट है। ग्राहक ऑनलाइन शॉपिंग, ऑफलाइन खरीदारी और यूपीआई ट्रांजैक्शन पर कैशबैक कमा सकते हैं। यह कैशबैक ‘कैश पॉइंट्स’ के रूप में दिया जाता है, जहां 1 कैश पॉइंट की वैल्यू 1 रुपये के बराबर होती है। उदाहरण के लिए मान लें अगर ग्राहक ने 10,000 या उससे अधिक की FD पर कार्ड लिया है, तो उन्हें ऑनलाइन खर्चों पर 1.5 प्रतिशत तक कैशबैक मिलेगा। वहीं 2,000 से अधिक के ऑफलाइन और यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 1 प्रतिशत कैशबैक का लाभ मिलेगा। ग्राहक एक दिन में अधिकतम 500 कैश पॉइंट और एक महीने में 3,000 पॉइंट पा सकते हैं।
FD पर मिलेगा ब्याज भी
इस कार्ड के साथ ग्राहकों को केवल क्रेडिट और कैशबैक का ही फायदा नहीं मिलता, बल्कि FD पर सालाना 7 प्रतिशत तक ब्याज कमाने का अवसर भी मिलता है। इसके अलावा, कार्ड पर कोई जॉइनिंग फीस नहीं रखी गई है। हालांकि वार्षिक शुल्क 499 रुपये निर्धारित किया गया है। यह कार्ड क्रेडिट सुविधाओं से दूर रहे लोगों को औपचारिक क्रेडिट सिस्टम से जोड़ने में मदद करता है।
