बिजनेस

आखिरी 1 मिनट में 201 अंक उछला Nifty, 390 अंक चढ़कर 24774 पर बंद, 4 महीने के टॉप पर पहुंचा

क्लोजिंग सेशन में निफ्टी आखिरी 1 मिनट में 200 अंक उछल गया। दिन के आखिर में निफ्टी 390 अंक उछलकर 24774 पर बंद हुआ है। इस तरह एक झटके में निफ्टी 4 महीने के शीर्ष पर पहुंच गया।

Image

बाजार में खरीदारी का मजबूत ट्रेंड

Closing Bell Sensex Nifty Today : शेयर बाजार में अगस्त की शुरुआत धमाकेदार हुई है। पहले ही दिन बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty सहित पूरे बाजार में खरीदारी का मजबूत ट्रेंड रहा। हालांकि, ज्यादातर निवेशकों को क्लोजिंग सेशन में निफ्टी में आई अचानक तेजी ने चौंका दिया। ठीक 3:27 पर निफ्टी में 201 अंक का उछाल देखने को मिला, जिससे निफ्टी 390.70 अंक की बढ़त के साथ 24,774.30 पर बंद हुआ। वहीं, इस दौरान Sensex 544 अंक की तेजी के साथ 78,639.03 अंक पर बंद हुआ।

4 महीने के शीर्ष पर निफ्टी

दिलचस्प बात यह है कि दिनभर निफ्टी करीब 24,570-24,600 के दायरे में कारोबार कर रहा था, लेकिन क्लोजिंग के समय अचानक आई खरीदारी ने निफ्टी 4 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा दिया है। इससे पहले निफ्टी मार्च के शुरुआती सप्ताह में ही 24700 से ऊपर टिक पाया था।

आखिर आखिरी मिनट में क्या हुआ?

पहली नजर में यह किसी बड़ी खबर का असर लग सकता है, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह तेजी किसी अचानक आई सकारात्मक खबर से ज्यादा तकनीकी और संस्थागत खरीदारी का नतीजा है। इसकी सबसे बड़ी वजह आज (3 अगस्त 2026) से लागू हुआ नया Closing Auction Session (CAS) माना जा रहा है। SEBI के नए नियमों के तहत शेयर बाजार में कारोबार खत्म होने से पहले क्लोजिंग ऑक्शन होता है। इस दौरान बड़े संस्थागत निवेशक, म्यूचुअल फंड और विदेशी निवेशक एक साथ बड़ी मात्रा में खरीद या बिक्री के ऑर्डर डालते हैं। यदि खरीदारी के ऑर्डर ज्यादा हों, तो अंतिम क्लोजिंग प्राइस तेजी से ऊपर चली जाती है। सोमवार को भी ऐसा ही देखने को मिला।

बाजार में तेजी क्यों रही?

भारतीय बाजार में तेजी के पीछे कई फैक्टर काम करते दिखे। सबसे बड़ी वजह ब्रेंट क्रूड में करीब 5% की गिरावट आई और यह 84 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आना रहा। इसके अलावा जुलाई में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। लगातार विदेशी निवेश ने बाजार को मजबूत समर्थन दिया। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की उम्मीद से तनाव कुछ कम हुआ है। इसके अलावा जून तिमाही के नतीजों के आधार पर ITC, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, दिवीज लैबोरेटरीज और अर्बन कंपनी जैसी स्टॉक्स ने शानदार प्रदर्शन किया है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article