बिजनेस

Closing Bell : ग्लोबल तेजी के बावजूद Nifty लाल, Sensex ने बनाई बढ़त; जानें बाजार में क्या हुआ?

आमतौर पर एक ही दिशा में चलने वाले निफ्टी और सेंसक्स आज पूरी तरह अलग-अलग बंद हुए। निफ्टी जहां 40 अंक गिरावट में बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स 113 अंक की चढ़कर बंद हुआ। मार्केट ब्रेड्थ भी मिलीजुली रही।

Image

बाजार में आई गिरावट

Share Market Today Closing Bell : भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को दिनभर उतार-चढ़ाव चलता रहा। दिन के आखिर में बाजार मिलाजुला रहा। ग्लोबल बाजारों की मजबूती के बावजूद निफ्टी और सेंसेक्स दबाव में रहे। हालांकि, दिन आखिर में निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी हुई। लेकिन, Nifty 40.10 अंक यानी 0.16% गिरकर 24,395.85 पर बंद हुआ। वहीं, Sensex 113.61 अंक यानी 0.15% चढ़कर 78,079.96 पर बंद हुआ। हालांकि, निवेशकों के लिए राहत की बात यह रही कि निफ्टी ने 24,311.40 का निचला स्तर छुआ, लेकिन वहां से रिकवरी करते हुए 24,400 के करीब बंद होने में कामयाब रहा।

जापान-कोरिया की तेजी का भारत पर नहीं दिखा असर

आज भारतीय बाजार के मुकाबले एशियाई बाजारों का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा। निक्केई करीब 1.28%, कोस्पी 3.44% और ताइवान बाजार 1.09% ऊपर बंद हुआ। अमेरिकी बाजार भी पिछली रात मजबूती के साथ बंद हुए थे। इसके बावजूद निफ्टी पूरे दिन बढ़त हासिल नहीं कर सका। इसका मतलब है कि भारतीय बाजार पर घरेलू फैक्टर और सेक्टर आधारित बिकवाली ज्यादा प्रभावी रही। हालांकि, एक सकारात्मक संकेत यह रहा कि दिन के अंत तक Gift Nifty की गिरावट घटकर सिर्फ 0.06% रह गई। इससे अगले सत्र के लिए शुरुआती संकेत सुबह के मुकाबले बेहतर नजर आ रहे हैं।

बैंकिंग शेयरों ने खींचा निफ्टी

आज निफ्टी पर सबसे बड़ा दबाव बैंकिंग और वित्तीय शेयरों से आया। निफ्टी बैंक 0.43% नीचे बंद हुआ। प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.54% और वित्तीय सेवा सूचकांक में 0.37% की गिरावट रही। निफ्टी में बैंकिंग शेयरों का बड़ा वजन होने के कारण इनकी कमजोरी ने इंडेक्स की तेजी को रोक दिया। इसके अलावा मेटल इंडेक्स 1.05% और सीमेंट इंडेक्स 0.93% गिरकर बंद हुए। ऑयल एंड गैस में भी 0.37% की कमजोरी रही। यानी बाजार के कई प्रमुख सेक्टरों में दबाव बना रहा।

चुनिंदा शेयरों में हुई खरीदारी

बाजार की दूसरी तस्वीर ब्रॉड मार्केट में देखने को मिली, जहां निफ्टी मिडकैप 50 0.22%, मिडकैप 100 0.15% और स्मॉलकैप 100 0.27% ऊपर बंद हुए। यानी निवेशकों ने बड़े इंडेक्स के कुछ प्रमुख शेयरों से दूरी बनाई, लेकिन मिडकैप और स्मॉलकैप के चुनिंदा शेयरों में खरीदारी जारी रखी।सेक्टरों में रियल्टी 0.97%, एफएमसीजी 0.84%, मिडस्मॉल आईटी एवं टेलीकॉम 0.82%, आईटी 0.39% और मीडिया 0.37% ऊपर रहे। केमिकल्स इंडेक्स में 1.25% की तेजी रही। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में पूरी तरह जोखिम से बचने वाला माहौल नहीं है, बल्कि सेक्टर रोटेशन जारी है।

India VIX से लौटी उम्मीद

आज बाजार के लिए सबसे सकारात्मक संकेतों में से एक इंडिया विक्स रहा। India VIX 2.33% गिरकर 11.42 पर आ गया। विक्स में गिरावट का मतलब है कि बाजार में निकट अवधि की घबराहट कम हुई है। खासकर तब जब निफ्टी दिन के निचले स्तर से रिकवर करके बंद हुआ है। इसलिए आज की गिरावट को फिलहाल बड़ी बिकवाली के संकेत के तौर पर देखना जल्दबाजी होगी। बाजार में अस्थिरता कम है और निचले स्तरों पर खरीदारी मौजूद है।

क्रूड में नरमी से मिली राहत

शुरुआत में कच्चे तेल की ऊंची कीमत भारतीय बाजार के लिए चिंता बनी हुई थी, लेकिन कारोबार के दौरान इसमें नरमी आई। शाम 3:49 बजे ब्रेंट क्रूड करीब 87.72 डॉलर पर था, जो दिन में 1.41% नीचे था। अमेरिकी क्रूड करीब 81.99 डॉलर पर 1.54% नीचे कारोबार कर रहा था। तेल की कीमतों में यह गिरावट भारत के लिए राहत की खबर है, क्योंकि महंगा क्रूड रुपये, महंगाई और आयात बिल पर दबाव बढ़ाता है। हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपया आज थोड़ा कमजोर हुआ और 95.44 के स्तर पर पहुंच गया। इसलिए करेंसी फ्रंट पर अभी पूरी राहत नहीं मिली है।

निफ्टी के लिए अब 24,300 सबसे अहम

आज निफ्टी ने 24,311.40 का निचला स्तर बनाया और वहां से वापसी की। इसलिए 24,300 का स्तर अब एक अहम शॉर्ट टर्म सपोर्ट बन गया है। जब तक निफ्टी 24,300 के ऊपर बना रहता है, तब तक बाजार में रिकवरी की उम्मीद कायम रहेगी। ऊपर की तरफ 24,430-24,450 पहला महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस जोन है। अगर निफ्टी 24,450 के ऊपर मजबूती से निकलता है तो 24,500 और उसके बाद 24,600 की तरफ बढ़ने की गुंजाइश बन सकती है। वहीं 24,300 के नीचे फिसलने पर 24,200 और 24,100 अगले सपोर्ट जोन हो सकते हैं।

Advance-Decline Ratio ने क्या बताया?

आज निफ्टी 50 में 28 शेयर बढ़कर और 22 शेयर गिरकर बंद हुए। यानी इंडेक्स के अंदर बहुत ज्यादा व्यापक बिकवाली नहीं थी। यह आंकड़ा भी बताता है कि आज की कमजोरी कुछ बड़े और भारी वजन वाले शेयरों तक ज्यादा सीमित रही। बैंकिंग, मेटल और कुछ अन्य बड़े सेक्टरों पर दबाव ने निफ्टी को नीचे रखा, जबकि बाजार के दूसरे हिस्सों में खरीदारी जारी रही। वहीं, पूरे मार्केट की बात करें, तो NSE पर 3,498 स्टॉक्स में ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,688 में खरीदारी और 1,698 में बिकवाली हुई। इस तरह ब्रेड्थ के लेवल पर मार्केट फिलहाल किसी एक दिशा में नहीं झुका है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article