बिजनेस

Closing Bell : बाजार में मजबूती कायम, Sensex 291, Nifty 90 अंक ऊपर बंद, 3 वजहों से आई तेजी

शेयर बाजार में सप्ताह की शुरुआत मजबूती के साथ हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 291 और और निफ्टी 90 अंक चढ़कर बंद हुआ। हालांकि, इस दौरान FMCG सेक्टर ने मोटे तौर पर बाजार को नीचे खींचा।

Image

बाजार तेजी में बंद

Stock Market Closing Bell Today: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। दिनभर सीमित दायरे में कारोबार के बाद निवेशकों ने चुनिंदा सेक्टरों में खरीदारी जारी रखी, जिससे बाजार हरे निशान में बंद होने में सफल रहा। BSE Sensex 291 अंक चढ़कर 77,094 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 करीब 90 अंक की तेजी के साथ 24,103 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार की इस तेजी के पीछे तीन बड़े कारक रहे। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत और फार्मा-आईटी शेयरों में मजबूत खरीदारी।

24,100 के ऊपर बंद हुआ Nifty

सोमवार को Nifty 50, 89.80 अंक यानी 0.37% की बढ़त के साथ 24,102.90 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक 24,168.05 तक पहुंचा था। वहीं Sensex 291.17 अंक यानी 0.38% चढ़कर 77,094.07 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के दौरान Sensex ने 77,325.56 का उच्चतम स्तर भी छुआ।

पहली वजह: कच्चे तेल में नरमी

बाजार को सबसे बड़ा सहारा कच्चे तेल की कीमतों से मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude 80 डॉलर प्रति बैरल के नीचे कारोबार करता रहा। तेल की कीमतों में नरमी भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए राहत की खबर है क्योंकि इससे महंगाई और आयात बिल पर दबाव कम होता है। यही वजह रही कि निवेशकों का भरोसा मजबूत बना रहा।

दूसरी वजह: वैश्विक बाजारों से पॉजिटिव संकेत

एशियाई बाजारों में मजबूत तेजी ने घरेलू निवेशकों का उत्साह बढ़ाया। जापान का Nikkei 225 2% से ज्यादा उछला, जबकि ताइवान और दक्षिण कोरिया के बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजारों में पिछले सत्र की तेजी का असर भी भारतीय बाजार पर देखने को मिला।

तीसरी वजह: Pharma और IT शेयरों में खरीदारी

सोमवार के कारोबार में फार्मा और आईटी शेयर बाजार के स्टार परफॉर्मर रहे। Nifty Pharma 1.24% और Nifty Healthcare Index 1.05% की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं Nifty IT में 0.74% की तेजी दर्ज की गई। इन सेक्टरों में मजबूत खरीदारी ने बाजार को ऊपरी स्तरों पर टिकाए रखा।

स्मॉलकैप-मिडकैप शेयरों ने भी दिया साथ

बाजार की मजबूती सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। Nifty Smallcap 250 में 0.77%, Nifty Smallcap 100 में 0.60% और Nifty Midcap 100 में 0.34% की तेजी दर्ज की गई। इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों की भागीदारी व्यापक बाजार में बनी हुई है।

FMCG और कंज्यूमर शेयरों में मुनाफावसूली

हालांकि बाजार में चौतरफा तेजी नहीं रही। FMCG और Consumer Durables सेक्टर में दबाव देखने को मिला। Nifty FMCG 0.41% और Nifty Consumer Durables 0.55% गिरकर बंद हुए। हालिया तेजी के बाद इन शेयरों में निवेशकों ने मुनाफावसूली की।

India VIX ने दिया भरोसे का संकेत

डर का पैमाना कहे जाने वाला India VIX करीब 1% गिरकर 12.84 पर आ गया। VIX में गिरावट इस बात का संकेत है कि बाजार में फिलहाल घबराहट कम है और निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है। विश्लेषकों के अनुसार Nifty के लिए 24,000 का स्तर अब मजबूत सपोर्ट बन गया है। यदि वैश्विक संकेत सकारात्मक बने रहते हैं और कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी तेजी नहीं आती तो बाजार आने वाले दिनों में 24,250-24,300 की ओर बढ़ सकता है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article