Share Market Closing Bell 24 June 2026: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों की खरीदारी के दम पर भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को शानदार वापसी की। पिछले कारोबारी सत्र में भारी गिरावट झेलने के बाद बाजार में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। बैंकिंग और आईटी शेयरों में मजबूत लिवाली ने बाजार को नई ऊंचाई तक पहुंचाया, जबकि डर का पैमाना माने जाने वाला इंडिया VIX भी तेजी से नीचे आया।
बुधवार को कारोबार समाप्त होने पर सेंसेक्स 790.54 अंक यानी 1.04% की तेजी के साथ 76,991.22 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 197.55 अंक यानी 0.83% चढ़कर 24,021.65 के स्तर पर पहुंच गया। दिन के दौरान निफ्टी ने 24,090.05 और सेंसेक्स ने 77,190.37 का उच्चतम स्तर भी छुआ।
बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह क्या रही?
बाजार को सबसे बड़ी राहत कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से मिली। हाल के दिनों में ईरान-इजरायल संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ी चिंताओं के कारण कच्चे तेल में उछाल आया था, लेकिन अब हालात कुछ सामान्य होते दिख रहे हैं। इससे भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए राहत की उम्मीद बढ़ी है। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी ने भी निवेशकों का भरोसा मजबूत किया। बाजार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों और एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों का भी सहारा मिला।
बैंकिंग और IT शेयर बने बाजार के हीरो
बुधवार की तेजी में सबसे बड़ा योगदान बैंकिंग और IT सेक्टर का रहा। निफ्टी बैंक 1.70% की मजबूती के साथ 58,154.75 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.84% चढ़ गया। IT सेक्टर में भी जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी IT इंडेक्स 2.01% की बढ़त के साथ बंद हुआ। निवेशकों ने बड़े आईटी शेयरों में जमकर खरीदारी की, जिससे पूरे सेक्टर को मजबूती मिली। रियल्टी, सीमेंट और वित्तीय सेवाओं से जुड़े शेयरों में भी शानदार तेजी दर्ज की गई। निफ्टी रियल्टी 2.23%, निफ्टी सीमेंट 1.76% और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.52% चढ़कर बंद हुए। जहां अधिकांश सेक्टर हरे निशान में बंद हुए, वहीं ऑटो और मेटल शेयरों में दबाव देखने को मिला। निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल दोनों इंडेक्स 0.41% की गिरावट के साथ बंद हुए।
निवेशकों का डर हुआ कम
बाजार की तेजी का असर इंडिया VIX पर भी दिखाई दिया। इंडिया VIX 4.33% गिरकर 13.34 के स्तर पर आ गया। आमतौर पर VIX में गिरावट को बाजार में अनिश्चितता कम होने और निवेशकों के भरोसे में सुधार का संकेत माना जाता है।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी खरीदारी
बड़े शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निवेशकों ने रुचि दिखाई। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.35% और निफ्टी मिडकैप 50 इंडेक्स 0.30% की बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि मिडकैप 100 इंडेक्स में बढ़त सीमित रही और यह 0.12% ऊपर बंद हुआ।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : शेयर मार्केट में क्या होता है 'VIX', क्यों इसे कहा जाता है निवेशकों के 'डर का सूचकांक'; कैसे करता है काम?
