बिजनेस

तुर्किये और अजरबैजान के खिलाफ तत्काल प्रभाव से व्यापार बंद करने का फैसला, व्यापारियों का बड़ा ऐलान

भारतीय व्यापारियों ने देशहित में तुर्किये और अजरबैजान के साथ सभी व्यापारिक संबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया है। यह कदम इन देशों के भारत विरोधी रुख और पाकिस्तान के समर्थन के विरोध में उठाया गया है। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) ने दिल्ली में आयोजित व्यापारी सम्मेलन के बाद यह घोषणा की, जिसमें 24 से अधिक राज्यों के व्यापारी नेता शामिल हुए। CAIT अब एक राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान भी शुरू करेगा, ताकि व्यापारी, कंपनियां और उपभोक्ता इस आर्थिक बहिष्कार में शामिल हो सकें।

Image

तुर्की और अजरबैजान के उत्पादों का देशव्यापी बहिष्कार

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • तुर्किये और अजरबैजान से आयात-निर्यात पर पूर्ण रोक लगाने का निर्णय।
  • इन देशों में शूटिंग न करने और प्रचार गतिविधियां बंद करने की सलाह।
  • विदेश और उद्योग मंत्रालय से नीति स्तर पर व्यापारिक संबंधों की समीक्षा की मांग।

भारतीय व्यापार जगत ने देशहित में एक बड़ा कदम उठाते हुए तुर्किये और अजरबैजान के साथ सभी व्यापारिक संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने आज दिल्ली में आयोजित व्यापारी नेताओं के एक महत्वपूर्ण सम्मेलन के बाद यह घोषणा की। बता दें कि 24 से ज्यादा राज्यों के व्यापारी नेता इस बैठक में शामिल हुए इसके साथ ही टूरिज्म व्यापार के क्षेत्र से भी कई सारे व्यापारी इस बैठक में शामिल होकर उन्होंने देश हित में फैसला लिया।

खंडेलवाल ने कहा कि, तुर्किये और अजरबैजान ने वैश्विक मंचों पर बार-बार भारत विरोधी रुख अपनाते हुए पाकिस्तान का खुला समर्थन किया है। ऐसे में देश के व्यापारी अब इन दोनों देशों से किसी भी प्रकार का व्यापार करना उचित नहीं समझते। उन्होंने स्पष्ट किया कि तुर्किये और अजरबैजान से होने वाला आयात और निर्यात तुरंत प्रभाव से बंद किया जाएगा।

फिल्म इंडस्ट्री से भी की गई अपील

प्रवीण खंडेलवाल ने भारत की फिल्म इंडस्ट्री से भी आग्रह किया है कि तुर्किये और अजरबैजान में अपनी फिल्मों की शूटिंग ना करें। उन्होंने कहा, "बहुत सारी कंपनियां अपने उत्पादों के प्रचार के लिए तुर्किये और अजरबैजान में शूटिंग करती हैं। यदि कोई कंपनी अब भी वहां शूटिंग करेगी, तो हम उसका भी बहिष्कार करेंगे।"

व्यापारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान का सवाल

व्यापारियों का यह निर्णय केवल आर्थिक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ा हुआ है। सम्मेलन में शामिल व्यापारी नेताओं ने एकमत होकर इस फैसले का समर्थन किया और यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि इन दोनों देशों के साथ किसी भी प्रकार का व्यापारिक सहयोग न किया जाए।

CAIT का अगला कदम

CAIT आने वाले समय में व्यापारियों को जागरूक करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगा। इसके अंतर्गत व्यापार संघों, कंपनियों और उपभोक्ताओं को इस निर्णय की जानकारी दी जाएगी और देशहित में एकजुट होकर काम करने की अपील की जाएगी।

मुख्य निर्णय

1. तुर्किये और अज़रबैजान के उत्पादों का देशव्यापी बहिष्कार

भारत के व्यापारी अब तुर्किये और अज़रबैजान से आयात-निर्यात बंद करेंगे।

2. व्यापारिक संबंधों पर पूर्ण विराम

भारतीय निर्यातकों, आयातकों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों को इन देशों की कंपनियों या संस्थानों के साथ किसी भी प्रकार की व्यावसायिक साझेदारी से रोका जाएगा।

3. यात्रा और पर्यटन योजनाओं का बहिष्कार

यात्रा एजेंसियों और इवेंट प्लानर्स से अनुरोध किया जाएगा कि वे तुर्किये और अज़रबैजान को पर्यटन या व्यावसायिक गंतव्य के रूप में प्रचारित न करें।

4. भारत सरकार से अपील

व्यापार और उद्योग मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें इन देशों के साथ सभी व्यावसायिक संबंधों की नीति स्तर पर समीक्षा की मांग की जाएगी।

खंडेलवाल ने अंत में कहा कि “भारतीय व्यापारिक समुदाय हमेशा राष्ट्र के साथ खड़ा रहा है। जब कोई देश भारत की एकता और अखंडता को चुनौती देता है, तो हम उसका उत्तर शांति के सबसे प्रभावशाली अस्त्र – आर्थिक बहिष्कार – के माध्यम से देंगे।”

CAIT देशभर में एक व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा, ताकि व्यापारियों, उपभोक्ताओं और यात्रा पेशेवरों को इस बहिष्कार से जोड़कर राष्ट्र की संप्रभुता, सुरक्षा और गौरव की रक्षा की जा सके।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article