बिजनेस

सोना-चांदी खरीदना हुआ महंगा, सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी में की बढ़ोतरी, आज से नई दरें लागू

केंद्र सरकार ने बुधवार को वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के माध्यम से सोने, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के आयात से जुड़ी कई श्रेणियों पर सीमा शुल्क दरों में संशोधन किया है।

Image

सोना-चांदी आयात शुल्क

Photo : iStock

आज से सोना और चांदी खरीदना महंगा हो गया है। दरअसल, सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दिया है। वित्त मंत्रालय की नई अधिसूचना के अनुसार, सोने और चांदी पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को बढ़ाकर 10% कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, इन पर 5% का कृषि अवसंरचना और विकास उपकर (AIDC) भी लागू रहेगा। इसका सीधा मतलब यह है कि प्रभावी आयात शुल्क अब 6% से बढ़कर सीधा 15% हो गया है। यह बढ़ोत्तरी केवल कच्चे सोने-चांदी तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्वेलरी बनाने वाले छोटे पुर्जों (फाइंडिंग्स) और प्लैटिनम पर भी ड्यूटी की दरों में संशोधन किया गया है, जिससे आभूषण निर्माण की पूरी लागत बढ़ जाएगी। यानी सोने और चांदी के गहने की कीमत बढ़ेगी।

क्यों उठाना पड़ा यह कदम?

सरकार के इस फैसले के पीछे का असली कारण भारत के आयात आंकड़ों में छिपा है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का स्वर्ण आयात रिकॉर्ड $71.98 बिलियन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 24% अधिक है। हालांकि मात्रा के लिहाज से आयात में मामूली गिरावट आई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों ने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर भारी दबाव डाला है। देश का कुल व्यापार घाटा $333.2 बिलियन तक पहुंच गया है, जिसे नियंत्रित करने के लिए सरकार को सोने की विदेशी खरीद पर अंकुश लगाना अनिवार्य लग रहा है।

पीएम मोदी ने की थी अपील

ईरान संकट के कारण बदले आर्थिक परिदृश्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद मोर्चा संभालते हुए देशवासियों से आर्थिक अनुशासन की अपील की है। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए, पीएम मोदी ने नागरिकों से आग्रह किया था कि वे अनावश्यक खर्चों में कटौती करें, सोने की खरीद को फिलहाल टालें और विदेश यात्राओं पर कम खर्च करें। सरकार का लक्ष्य ऊर्जा (ईंधन) के समझदारी से इस्तेमाल और बचत के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक अस्थिरता के प्रभावों से सुरक्षित रखना है।

सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर

भारतीय बाजार में सोने की कीमतें पहले ही आसमान छू रही हैं। पिछले साल अप्रैल में पहली बार 1 लाख रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद, अब राष्ट्रीय राजधानी में 10 ग्राम सोने की कीमत 1.5 लाख रुपये के करीब पहुंच चुकी है। स्विट्जरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों से आने वाले सोने पर अब अधिक शुल्क लगने के कारण आने वाले दिनों में खुदरा कीमतों में और तेजी आने की पूरी संभावना है। ऐसे में आम आदमी के लिए निवेश के सुरक्षित ठिकाने के रूप में पहचाने जाने वाला सोना अब एक लग्जरी बनता जा रहा है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article