Union Budget 2025: आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में मोदी सरकार 3.0 का पहला पूर्ण बजट पेश किया गया। बजट के दौरान जहां मिडिल क्लास को लेकर बहुत सी बड़ी घोषणाएं की गई हैं, वहीं भारत को दुनिया भर में पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए भी पूरा इंतजाम किया गया है। बजट 2025 पेश करते हुए वित्त मंत्री ने देश भर में टॉप 50 पर्यटन स्थलों को विकसित करने की बात कही है। इतना ही नहीं 88 से ज्यादा एयरपोर्ट्स भी बनाए जायेंगे जो देश के छोटे शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगे।
राज्यों को दिया जाएगा सहयोग
देश को दुनिया भर में पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए भारत सरकार राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। इसके लिए भारत सरकार द्वारा राज्य सरकारों को PLI आधारित इंसेंटिव दिए जायेंगे। इन इंसेंटिव की बदौलत राज्य सरकारें अपने राज्यों में पर्यटन स्थलों को विकसित कर पाएंगी। इसके साथ ही पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप माध्यम से देश में मेडिकल टूरिज्म और हील इन इंडिया को भी समर्थन दिया जाएगा।
मुद्रा लोन भी दिया जाएगा
पर्यटन स्थलों को विकसित करने के साथ-साथ वहां रहने और कनेक्टिविटी के बेहतर इंतजाम भी करने होंगे। इसे देखते हुए भारत सरकार ने होमस्टे बनाने के लिए मुद्रा लोन की घोषणा भी की है। आसान भाषा में कहें तो पर्यटन स्थलों पर अगर होमेस्टे चलाना चाहते हैं तो आप मुद्रा योजना के तहत लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही देश भर में 88 एयरपोर्ट भी बनाए जायेंगे और छोटे शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी भी प्रदान की जाएगी।
