Union Budget 2025 Highlights: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज यानी शनिवार 1 फरवरी को संसद में बजट पेश किया। बजट भाषण शुरू होने के पहले ही विपक्ष ने संसद में जोरदार हंगामा किया। हालांकि, वित्त मंत्री का बजट भाषण शुरू होने पर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट भी कर लिया। इस बीच वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए बिहार के मखाना उगाने वाले किसानों को खुश कर दिया।
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि बिहार के मखाना उत्पादन करने वाले किसानों के लिए और अधिक अवसर पैदा होंगे। इसके लिए एक मखाना बोर्ड बनाया जाएगा। यह मखाना बोर्ड ही अब मखाना उगाने वाले किसानों को ट्रेनिंग भी देगा।
वित्त मंत्री ने साथ ही यह भी घोषणा की कि सरकार मखाना उगाने वाले किसानों को पैकेज भी देगी। बता दें कि बिहार का मिथिलांचल मखाना उगाने के लिए मशहूर है।
ये भी पढ़ें - नैनीताल में कितने ताल, क्या आपने देखें हैं सभी ताल
मिथिला में मखाना को मखान कहा जाता है। यह मिथिला की तीन विश्व प्रसिद्ध सांस्कृतिक पहचानों में से एक है। मिथिलांचल को तालाब, मछली और माखन (मखाना) के लिए जाना जाता है।
बिहार में दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिलों में मुख्यतौर पर मखाना का उत्पादन होता है। एक आंकड़े के अनुसार दुनिया का कुल 80 फीसद और देश का 85 फीसद मखाना उत्पादन अकेले बिहार में होता है।
