Budget 2024-25: 2024-25 के केंद्रीय बजट (अंतरिम) में किसानों को सपोर्ट करने के लिए कृषि मंत्रालय के लिए 2 लाख करोड़ रु अलॉट किए जा सकते हैं। इस फंड से किसानों के लिए चल रही सरकार की उन योजनाओं को सहारा मिलेगा, जिनका मकसद किसानों की इनकम बढ़ाना है। साथ ही इस फंड के जरिए फसल बीमा पर सरकार की प्रमुख योजनाओं का विस्तार किया जाएगा। 2 लाख करोड़ रु का एक बड़ा हिस्सा पीएम किसान (PM Kisan) योजना के तहत किसानों को मिलने वाली राशि को सालाना 6 हजार रु से बढ़ा कर 9 हजार रु करने में इस्तेमाल किया जा सकता है। 2 लाख करोड़ रु की राशि कृषि मंत्रालय के लिए 2023-24 के लिए आवंटित की गई 1.44 लाख करोड़ रु की राशि से 39% अधिक होगी।
पीएम किसान योजना के लिए बढ़ सकता है फंड
लाइव मिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार पीएम-किसान के लिए आवंटिक राशि में 30% की बढ़ोतरी की जा सकती है। 2023-24 के लिए पीएम किसान योजना की राशि 60,000 करोड़ रु थी। वहीं पीएम फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के लिए आवंटन राशि 17% बढ़ाई जा सकती है, जो कि 2023-24 के लिए 13,625 करोड़ रु थी।
यह साफ नहीं है कि सरकार 1 फरवरी को अंतरिम बजट में इन योजनाओं के विस्तार की घोषणा करेगी, या मई में आम चुनाव के बाद अगली सरकार के पहले पूर्ण बजट में ये ऐलान होंगे।
फसल सेगमेंट का भी बजट बढ़ सकता है
रिपोर्ट के अनुसार फसल सेगमेंट को 2023-24 में मिले 17,000 करोड़ रु के मुकाबले लगभग 18,000 करोड़ रु मिल सकते हैं क्योंकि बजट क्लस्टर योजना पर विशेष ध्यान देगा। वहीं गेहूं और चावल की तुलना में बाजरा, दलहन और तिलहन पर रिसर्च, नई बीज किस्में और जिलेवार बीज योजना पर भी ध्यान दिया जाएगा।
