Inverted Tax Structure: सरकार आगामी बजट में घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कुछ उत्पादों पर इनवर्टेड ड्यूटी ढांचे के मुद्दे पर विचार कर सकती है। एक सरकारी अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इनवर्टेड ड्यूटी ढांचा तैयार उत्पादों की तुलना में कच्चे माल पर अधिक कराधान से संबंधित है। अधिकारी ने कहा कि वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने इनवर्टेड ड्यूटी संरचना के मुद्दों पर विचार करने के लिए वित्त मंत्रालय के साथ 13-14 उत्पादों की एक सूची साझा की है।
अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय हमेशा वस्तुओं की ऐसी सूची साझा करता है, जहां कलपुर्जों पर सीमा शुल्क तैयार उत्पादों की तुलना में अधिक होता है। हमने इसपर विचार करने के लिए वित्त मंत्रालय को अपने सुझाव दिए हैं। उलट शुल्क संरचना आर्थिक रूप से बेहतर नहीं है।
इनवर्टेड ड्यूटी ढांचा घरेलू उद्योग को प्रभावित करता है, क्योंकि विनिर्माताओं को शुल्क के लिहाज से कच्चे माल के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ती है, जबकि तैयार उत्पाद कम शुल्क पर आते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2024 को आम बजट पेश करने वाली हैं। (इनपुट भाषा)
