बिजनेस

Budget 2023: अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों के साथ पीएम मोदी करेंगे अहम बैठक, केंद्रीय मंत्री भी होंगे शामिल

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2023, 01:51 PM IST

Budget 2023: आगामी वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सरकार केंद्रीय बजट की तैयारियां कर रही हैं। आम जनता से लेकर टैक्सपेयर्स और किसानों तक, बजट से सभी को काफी उम्मीदें हैं।

Image

Budget 2023: अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों के साथ पीएम मोदी करेंगे अहम बैठक

Photo : BCCL

नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए देश का बजट (Budget 2023) 1 फरवरी 2023 को पेश होना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) अगले महीने की पहली तारीख को आगामी वित्त वर्ष का बजट पेश करेंगी। इसके लिए वित्त मंत्रालय तैयारियों में जुटा है। रियल एस्टेट सेक्टर से लेकर टैक्सपेयर्स तक, हर किसी को बजट से काफी उम्मीदें हैं।

पीएम मोदी करेंगे अहम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आम बजट से पहले शुक्रवार यानी 13 जनवरी को नीति आयोग में अर्थशास्त्रियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ बैठक करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोदी इस दौरान अर्थव्यवस्था की स्थिति और आर्थिक वृद्धि दर को गति देने के उपायों पर चर्चा करेंगे। चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर घटकर सात प्रतिशत पर आने का अनुमान है। उन्होंने आगे कहा कि इस बैठक में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।

इकोनॉमी को लेकर क्या है अनुमान?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2023 को संसद में वित्त वर्ष 2023-24 का बजट पेश करेंगी। मांग में नरमी के साथ देश की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में सालाना आधार पर घटकर सात प्रतिशत रह सकती है। ऐसा होने पर भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था का दर्जा गंवा सकता है। सांख्यिकी मंत्रालय के पहले आधिकारिक अनुमान के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर सात प्रतिशत रहेगी, जो बीते वित्त वर्ष 2021-22 में 8.7 प्रतिशत थी।

सऊदी अरब से कम रह सकती है भारत की आर्थिक वृद्धि दर

यह अनुमान सरकार के पहले के आठ से 8.5 प्रतिशत की वृद्धि के अनुमान से काफी कम है। हालांकि, यह भारतीय रिजर्व बैंक के 6.8 प्रतिशत के अनुमान से अधिक है। अगर यह अनुमान सही रहा, तो भारत की आर्थिक वृद्धि दर सऊदी अरब से कम रहेगी। सऊदी अरब की वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत रहने की संभावना जताई गई है। वास्तव में, भारत की जीडीपी वृद्धि दर जुलाई-सितंबर तिमाही में 6.3 प्रतिशत रही थी। जबकि इस अवधि में सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था 8.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी।

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article