Crypto Market Rally: दुनियाभर के निवेशकों के लिए बड़ी खबर है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी Bitcoin ने एक बार फिर $100,000 (लगभग ₹83 लाख) का मनोवैज्ञानिक स्तर पार कर लिया है। CoinMarketCap के अनुसार, बिटकॉइन की कीमत 4% की बढ़त के साथ $102,901.46 पर पहुंच गई है। पिछले 1 महीने में बिटकॉइन ने 37.20% का रिटर्न दिया है, जबकि केवल 5 दिनों में ही इसमें 8.87% की तेजी देखी गई है।
$2 ट्रिलियन मार्केट कैप पार, अब दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी संपत्ति
बिटकॉइन ने एक बार फिर $2 ट्रिलियन का मार्केट कैप हासिल कर लिया है, जिससे यह Amazon को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी संपत्ति बन गई है। Ashish Singhal, को-फाउंडर, CoinSwitch, के अनुसार, "बिटकॉइन की यह शानदार रिकवरी वैश्विक नीतियों, संस्थागत विश्वास और आर्थिक संकेतकों के मेल का नतीजा है। अमेरिका-यूके और अमेरिका-चीन ट्रेड टॉक्स से आई सकारात्मकता और US फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में स्थिरता ने भी इस तेजी में अहम भूमिका निभाई है।"
उन्होंने आगे कहा, "Bitcoin ETFs के ज़रिए संस्थागत निवेश में आई तेजी और अमेरिकी सरकार द्वारा इस साल की शुरुआत में Strategic Bitcoin Reserve बनाने का फैसला क्रिप्टो को वैधता और स्थिरता दे रहा है।"
Himanshu Maradiya, फाउंडर व चेयरमैन, CIFDAQ, ने कहा, "यह रैली बिटकॉइन बुल रन का दूसरा चरण है। संभवतः $100,000 से नीचे बिटकॉइन खरीदने का मौका अब बीते समय की बात हो गई है।"
Altcoins में भी जबरदस्त उछाल
केवल बिटकॉइन ही नहीं, बल्कि अन्य क्रिप्टोकरेंसी यानी Altcoins में भी जोरदार तेजी देखने को मिली है।
Ethereum ने $2,200 का अहम प्रतिरोध स्तर पार करते हुए 20% की छलांग लगाई है, वहीं Solana $160 के ऊपर पहुंच गया है।
टॉप गेनर्स में कौन-कौन शामिल
- Vittuals Protocol – 40% उछाल
- Brett – 37%
- Pepe – 30%
- Story – 27.5%
- Uniswap, OFFICIAL TRUMP & Ethena – 25% से अधिक बढ़त
क्रिप्टो बाजार अब केवल एक डिजिटल एक्सपेरिमेंट नहीं, बल्कि एक मुख्यधारा की एसेट क्लास बनता जा रहा है। बिटकॉइन की यह तेजी निवेशकों के लिए एक नए दौर की शुरुआत का संकेत दे रही है।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर क्रिप्टोकरेंसी की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। क्रिप्टोकरेंसी में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
