BHEL Stock Price Today: एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर दिग्गज कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स (BHEL) के शेयरों में शुक्रवार को जोरदार उछाल देखने को मिला। सुबह के करोबार में BHEL के शेयर 4 फीसदी की तेजी के साथ 308 रुपये के लेवल पर पहुंच गए। कंपनी ने झारखंड के कोडरमा में 1600 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। इसकी वजह से स्टॉक में तेजी देखने को मिली।
13,300 करोड़ रुपये का टेंडर
देश की एनर्जी सिक्योरिटी को सुनिश्चित करने के केंद्र सरकार के लक्ष्य के अनुरूप, डीवीसी ने 26 जून, 2024 को भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स के साथ झारखंड में कोडरमा टीपीएस (2X800 मेगावाट) के इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) पैकेज के लिए 13,300 करोड़ रुपये के टेंडर को अंतिम रूप दिया ह। इस संबंध में बिजली मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में महत्वपूर्ण ऑर्डर हासिल किए हैं। पिछले साल मिले प्रमुख ऑर्डर में यमुना नगर, लारा सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट और रायगढ़ सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट के लिए अडानी ग्रुप से ईपीसी ऑर्डर शामिल हैं।
स्टॉक की चाल
BHEL के शेयर आज सुबह के कारोबार में 306 रुपये पर ओपन हुए और 307 रुपये इंट्राडे हाई लेवल तक पहुंचे। स्टॉक का आज का लो लेवल 302 रुपये है। गुरुवार को BHEL के शेयर 296.95 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। स्टॉक का 52 वीक का हाई 322.50 रुपये है और लो लेवल 84.50 रुपये है। पिछले पांच दिन में एनएसई पर BHEL के स्टॉक 3 फीसदी से अधिक चढ़े हैं। पिछले एक महीने में स्टॉक में 4 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, छह महीने में यह स्टॉक 58 फीसदी से अथिक उछला है।
सरकारी कंपनी है BHEL
BHEL एक भारतीय सेंट्रल पब्लिक सेक्टर उपक्रम है और सबसे बड़ी सरकारी स्वामित्व वाली बिजली उत्पादन उपकरण निर्माता कंपनी है। इसका स्वामित्व भारत सरकार के पास है और इसका प्रशासनिक नियंत्रण हैवी इंडस्ट्री मंत्रालय के पास है। 21 मई को BHEL ने कंपनी द्वारा अधिक व्यय के बीच, 31 मार्च 2024 को समाप्त तिमाही में नेट प्रॉफिट में 25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 484.36 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की थी।
