बिजनेस

अब UPI पर मिलेगी उधारी, BharatPe–Yes Bank ने की डील, जानिए कितने दिन में लौटाने होंगे पैसे

अब तक UPI का मतलब सिर्फ बैंक खाते में मौजूद पैसे से पेमेंट करना था, लेकिन जल्द ही यह बदलने वाला है। BharatPe और Yes Bank की नई साझेदारी के बाद UPI पर भी उधारी (Pay Later) की सुविधा मिलने जा रही है। इस सर्विस के जरिए आप बिना बैलेंस के भी पेमेंट कर पाएंगे और बाद में तय समय में पैसा लौटा सकेंगे। आइए जानते हैं यह सुविधा कैसे काम करेगी और आपको कितने दिन में रकम चुकानी होगी।

UPI से उधार

UPI से उधार

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हर कोई डिजिटल पेमेंट पर निर्भर हो चुका है। सब्जी खरीदनी हो, कैफे में कॉफी पीनी हो या फिर ऑनलाइन शॉपिंग करनी हो, UPI अब सबसे आसान तरीका बन गया है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि पेमेंट करते समय बैंक अकाउंट में बैलेंस कम निकल जाता है। ऐसी स्थिति में न सिर्फ शर्मिंदगी होती है, बल्कि कई बार काम भी अटक जाता है। इसी परेशानी का समाधान लेकर आई है भारतपे और यस बैंक की नई साझेदारी।

भारत की जानी-मानी फिनटेक कंपनी BharatPe ने Yes Bank के साथ मिलकर एक नई सुविधा लॉन्च की है, जिसका नाम है ‘Pay Later with BharatPe’। यह एक तरह की डिजिटल उधारी सेवा है, जिसके जरिए अब UPI से पेमेंट करते वक्त आपके खाते में पैसे न होने पर भी आप आसानी से भुगतान कर सकेंगे। यह सेवा पूरी तरह से NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) के सिस्टम पर आधारित है, जिससे इसकी सुरक्षा और भरोसेमंद होने पर कोई सवाल नहीं उठता।

बिना डॉक्युमेंटेशन मिलेगा लोन

इस नई सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब आपको अलग से किसी लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। BharatPe और Yes Bank की डिजिटल ऑनबोर्डिंग तकनीक के जरिए आपकी क्रेडिट प्रोफाइल तुरंत चेक की जाती है। कुछ ही मिनटों में आपको बता दिया जाता है कि आप कितनी रकम उधारी के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। जैसे ही क्रेडिट लिमिट अप्रूव होती है, आप किसी भी दुकान पर QR कोड स्कैन करके भुगतान कर सकते हैं।

कब लौटाने होंगे पैसे

इस सर्विस की सबसे खास बात इसका 45 दिन का ब्याज-मुक्त पीरियड है। अगर आप Pay Later with BharatPe के जरिए कोई पेमेंट करते हैं, तो आपको उस रकम को लौटाने के लिए पूरे 45 दिन का समय मिलता है। अगर आप तय समय के भीतर पैसा चुका देते हैं, तो आपको एक भी रुपये का ब्याज नहीं देना होगा। यानी बिना किसी अतिरिक्त खर्च के आप अपनी जरूरतें पूरी कर सकते हैं।

यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनकी सैलरी महीने के आखिर में आती है। कई बार जरूरी खर्च पहले आ जाते हैं और सैलरी का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में आप इस सुविधा के जरिए आज खरीदारी कर सकते हैं और सैलरी आने पर आराम से भुगतान कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि जैसे ही आप पुरानी रकम चुकाते हैं, आपकी क्रेडिट लिमिट फिर से रीस्टोर हो जाती है।

EMI में चुका सकते हैं पैसे

अगर कोई ग्राहक 45 दिन में पूरा पैसा नहीं चुका पाता, तो उसके लिए EMI का विकल्प भी मौजूद है। BharatPe आपको 3 महीने से लेकर 12 महीने तक की आसान किस्तों में भुगतान करने की सुविधा देता है। इससे एकमुश्त बोझ नहीं पड़ता और बजट भी बिगड़ता नहीं है। यह विकल्प खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो कोई बड़ा खर्च करना चाहते हैं।

यह सेवा सिर्फ आम ग्राहकों के लिए ही नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों के लिए भी किसी राहत से कम नहीं है। छोटे दुकानदार अक्सर बैंकों से लोन लेने में झिझकते हैं, क्योंकि प्रक्रिया लंबी और जटिल होती है। Pay Later with BharatPe उन्हें तुरंत डिजिटल क्रेडिट देता है, जिससे वे माल खरीद सकते हैं और अपने बिजनेस को आगे बढ़ा सकते हैं। धीरे-धीरे किस्तों में भुगतान करने की सुविधा उनके कैश फ्लो को बेहतर बनाती है।

Rewards का फायदा

इसके अलावा BharatPe इस सेवा पर रिवॉर्ड्स भी दे रहा है। जब भी आप Pay Later के जरिए पेमेंट करते हैं, तो आपको BharatPe UPI Rewards के तहत Zillion Coins मिलते हैं। ये कॉइन्स आपके अकाउंट में जमा होते रहते हैं और भविष्य में शॉपिंग या दूसरी डील्स में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। यानी खर्च के साथ-साथ बचत भी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article