Bank holidays This Week : अगर इस हफ्ते आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें। 14 सितंबर से 20 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैंक कुल 4 दिन बंद रहेंगे। हालांकि, यह सभी छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी, बल्कि इनमें से ज्यादातर स्थानीय त्योहारों और क्षेत्रीय आयोजनों पर आधारित हैं। यह छुट्टी का शेड्यूल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत देश के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंकों की शाखाओं पर लागू होगा। बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान कैश डिपॉजिट, चेक क्लियरिंग और पासबुक अपडेट जैसे काम नहीं हो सकेंगे। हालांकि, यूपीआई (UPI), इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और एटीएम (ATM) सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे चालू रहेंगी।
14 से 20 सितंबर तक बैंक छुट्टियों का पूरा शेड्यूल
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के कैलेंडर के अनुसार, इस हफ्ते तारीखवार बैंक छुट्टियों का विवरण इस प्रकार है:-
- 14 सितंबर: गणेश चतुर्थी, विनायक चतुर्थी और वरसिद्धि विनायक व्रत के कारण महाराष्ट्र, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, तेलंगाना, गोवा और आंध्र प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे।
- 15 सितंबर: संवत्सरी, नुआखाई और गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन के अवसर पर गुजरात, ओडिशा और गोवा में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
- 18 सितंबर, शुक्रवार: यूनिटेरियन एनिवर्सरी डे (Unitarian Anniversary Day) के उपलक्ष्य में केवल मेघालय में बैंक सेवाएं बंद रहेंगी।
- 20 सितंबर, रविवार: इस दिन पूरे देश में साप्ताहिक अवकाश होने के कारण सभी राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।
इस प्रकार, 14, 15 और 18 सितंबर की छुट्टियां चुनिंदा शहरों और राज्यों तक सीमित हैं, जबकि 20 सितंबर का रविवार का अवकाश देशभर के सभी बैंकों में रहेगा।
आरबीआई तय करता है छुट्टियों का कैलेंडर
भारत में बैंकों की छुट्टियां रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा साल की शुरुआत में जारी कैलेंडर के आधार पर तय की जाती हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में मनाए जाने वाले स्थानीय त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार हर क्षेत्र की छुट्टियों की सूची भिन्न होती है। स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर पूरे देश में बैंक एक साथ बंद रहते हैं। RBI छुट्टियों को मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में बांटता है: नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत छुट्टियां, रियल-टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) छुट्टियां और बैंकों के खातों की सालाना क्लोजिंग। ऐसे में बैंक शाखा जाने से पहले अपने शहर या राज्य की सटीक लिस्ट देखना बेहतर रहता है।
सितंबर के बाकी दिनों की छुट्टियां
14 से 20 सितंबर के अलावा, इस महीने के आखिरी हफ्ते में भी कई क्षेत्रीय छुट्टियां आने वाली हैं:-
21 सितंबर: श्रीमंत शंकरदेव के जन्मोत्सव और श्री नारायण गुरु समाधि के कारण असम और केरल में बैंकों में अवकाश रहेगा।
22 सितंबर: करम पूजा के उपलक्ष्य में झारखंड में बैंक बंद रहेंगे।
23 सितंबर: महाराजा हरि सिंह जी की जयंती के अवसर पर जम्मू और कश्मीर में बैंक बंद रहेंगे।
25 सितंबर: इंद्रजात्रा त्योहार के कारण सिक्किम में बैंकों का कामकाज स्थगित रहेगा।
11 सितंबर को बैंक हड़ताल से प्रभावित रहा था कामकाज
इससे पहले, 11 सितंबर को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशव्यापी बैंक हड़ताल की गई थी। इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर सरकारी बैंकों के कामकाज पर पड़ा था। बैंक कर्मचारी हफ्ते में 5 दिन काम करने (5-Day Work Week) के नियम को तुरंत लागू करने और पेंडिंग वेतन सुधार से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग कर रहे थे।
