बिजनेस

Bajaj Housing Finance: बजाज हाउसिंग फाइनेंस बनी देश की सबसे मूल्यवान आवास वित्त कंपनी

Bajaj Housing Finance: बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के शेयर की बाजार में शुरुआत काफी अच्छी रही। कंपनी का शेयर पहले दिन के कारोबार में 70 रुपये के निर्गम मूल्य से करीब 136 प्रतिशत चढ़कर 165 रुपये के भाव पर बंद हुए। देश की सबसे मूल्यवान आवास वित्त कंपनी बन गई।

Image

बजाज हाउसिंग फाइनेंस कंपनी

Bajaj Housing Finance: बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड सोमवार को शेयर बाजार में सूचीबद्धता के दिन ही करीब देश की सबसे मूल्यवान आवास वित्त कंपनी बन गई। बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के शेयर की बाजार में शुरुआत काफी अच्छी रही। कंपनी का शेयर पहले दिन के कारोबार में 70 रुपये के निर्गम मूल्य से करीब 136 प्रतिशत चढ़कर 165 रुपये के भाव पर बंद हुए।

शेयर भाव में जोरदार तेजी आने से कारोबार के अंत में बजाज हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 1,37,406.09 करोड़ रुपये रहा। इसके साथ ही बजाज हाउसिंग फाइनेंस देश की सबसे मूल्यवान आवास वित्त कंपनी बन गई।

हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हुडको) 49,476.96 करोड़ रुपये के बाजार मूल्यांकन के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस 37,434.54 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ तीसरे और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस 27,581.41 करोड़ रुपये मूल्यांकन के साथ चौथे स्थान पर है।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस के 6,560 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन 11 सितंबर को 63.60 गुना अभिदान मिला था। निर्गम के लिए मूल्य दायरा 66-70 रुपये प्रति शेयर रखा गया था।

शेयर बिक्री भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुपालन में की गई थी। इसके मुताबिक, अग्रणी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के लिए सितंबर, 2025 तक शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होना आवश्यक है। यह फर्म आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों की खरीद और नवीनीकरण के लिए वित्त मुहैया कराती है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article