बिजनेस

चाय बागान मजदूरों की मजदूरी में इजाफा, 1 अप्रैल से होगी इतनी बढ़ोतरी

Tea Garden Workers Wage Hike: असम सरकार ने चाय बागान मजदूरों के लिए राहत भरी घोषणा की है। सरकार ने अगले महीने से उनकी दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। बढ़ी हुई मजदूरी बड़े और छोटे दोनों चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों पर लागू होगी। असम देश का सबसे बड़ा चाय उत्पादक राज्य है।

Image

असम में चाय बागान मजदूरों की मजदूरी बढ़ेगी (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Tea Garden Workers Wage Hike: असम सरकार ने चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार ने फैसला किया है कि अगले महीने यानी 1 अप्रैल 2026 से चाय बागान मजदूरों की दैनिक मजदूरी में 30 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। इस फैसले की जानकारी राज्य सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में दी गई है। यह बढ़ोतरी राज्य के बड़े चाय बागानों के साथ-साथ छोटे चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों पर भी लागू होगी। इस फैसले से राज्य के लाखों चाय बागान मजदूरों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ब्रह्मपुत्र और बराक घाटी के मजदूरों को मिलेगा फायदा

सरकार की अधिसूचना के अनुसार, ब्रह्मपुत्र घाटी में काम करने वाले चाय बागान मज़दूरों की दैनिक मज़दूरी अब 250 रुपये से बढ़ाकर 280 रुपये कर दी जाएगी। वहीं बराक घाटी के मज़दूरों की दैनिक मज़दूरी 228 रुपये से बढ़ाकर 258 रुपये कर दी गई है। यह नई मज़दूरी दर 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह बढ़ोतरी अंतरिम न्यूनतम मजदूरी के रूप में दी जा रही है, यानी भविष्य में इसे और बढ़ाया जा सकता है।

छोटे चाय बागानों के मजदूर भी शामिल

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में यह भी बताया गया है कि यह बढ़ोतरी सिर्फ बड़े चाय बागानों तक सीमित नहीं रहेगी। ब्रह्मपुत्र घाटी और बराक घाटी के छोटे चाय बागानों में काम करने वाले मज़दूरों को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे पहले कई बार यह मांग उठती रही थी कि छोटे चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों को भी बड़े बागानों के बराबर लाभ दिया जाए। इस फैसले से ऐसे मजदूरों को भी आर्थिक मदद मिलेगी।

न्यूनतम मजदूरी सलाहकार बोर्ड की सिफारिश

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक सरकार की अधिसूचना के अनुसार, यह फैसला न्यूनतम मज़दूरी सलाहकार बोर्ड की सिफारिश के आधार पर लिया गया है। बोर्ड की बैठक 26 फरवरी 2026 को हुई थी। इसी बैठक में चाय बागान मज़दूरों की मज़दूरी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया था। बोर्ड की सिफारिश को देखते हुए राज्यपाल ने चाय बागान मज़दूरों की अंतरिम न्यूनतम मज़दूरी में 30 रुपये बढ़ाने की मंज़ूरी दे दी।

त्रिपक्षीय बैठक के बाद लिया गया फैसला

मज़दूरी बढ़ाने के मुद्दे पर 26 फरवरी को राज्य सरकार, चाय बागान मज़दूर यूनियनों और बागान मालिकों के बीच एक त्रिपक्षीय बैठक भी हुई थी। इस बैठक में मज़दूरों की मांगों और उद्योग से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने मज़दूरी में 30 रुपये की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी। इसके बाद इस फैसले को अधिसूचना जारी करके आधिकारिक रूप से लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पहले भी बढ़ चुकी है मजदूरी

असम में चाय बागान मजदूरों की न्यूनतम मज़दूरी में इससे पहले अक्टूबर 2023 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय सरकार ने दैनिक मज़दूरी में 18 रुपये का इजाफा किया था। हालांकि मज़दूर संगठनों की ओर से लंबे समय से मजदूरी को और बढ़ाने की मांग की जा रही थी। उनका कहना था कि महंगाई बढ़ने के कारण मौजूदा मज़दूरी में गुज़ारा करना मुश्किल हो रहा है।

आगे और बढ़ सकती है मजदूरी

कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि केंद्र सरकार नए श्रम कानून लागू करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में भविष्य में मजदूरी की दरों की फिर से समीक्षा करनी पड़ सकती है। उन्होंने संकेत दिया कि अगले छह महीनों के भीतर इस मुद्दे पर सभी पक्षों के साथ फिर से बैठक हो सकती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में चाय बागान मजदूरों की दैनिक मज़दूरी 300 रुपये से ज्यादा होने की संभावना है।

असम में चाय उद्योग का महत्व

असम भारत का सबसे बड़ा चाय उत्पादन करने वाला राज्य है। यहां लाखों लोग चाय उद्योग पर निर्भर हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था में भी चाय उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में मज़दूरों की मज़दूरी बढ़ाने के इस फैसले को उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर भविष्य में मजदूरी और बढ़ती है तो इससे चाय बागान मज़दूरों के जीवन में और सुधार आ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article