Reliance AGM 2022: भारत में सबसे बड़ी टैक्सपेयर है रिलायंस, वित्त वर्ष 22 में किया 1,88,012 करोड़ का योगदान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 29, 2022, 04:29 PM IST

Reliance AGM Meeting 2022, Mukesh Ambani AGM Speech: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को कहा कि अगले 25 सालों में भारत नई ऊंचाई पर होगा।

Reliance AGM 2022: भारत में सबसे बड़ी टैक्सपेयर है रिलायंस, वित्त वर्ष 22 में किया 1,88,012 करोड़ का योगदान
Photo Credit: BCCL

Reliance AGM Meeting 2022, Mukesh Ambani AGM Speech: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी की 45वीं वार्षिक आम बैठक के दौरान कहा कि कंपनी भारत की सबसे बड़ी करदाता बनी हुई है। अंबानी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में राष्ट्रीय खजाने में कंपनी का योगदान 39  फीसदी बढ़ा और 1,88,012 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2022 में 100 अरब डॉलर से ज्यादा के वार्षिक राजस्व हासिल करने वाली रिलायंस पहली भारतीय फर्म बन गई।

वित्त वर्ष 2022 में राष्ट्रीय राजकोष में दूरसंचार-से-ऊर्जा समूह का समेकित योगदान 38.8 फीसदी उछल गया। यह वित्त वर्ष 22 के लिए 34.83 लाख करोड़ रुपये के सरकार के बजट व्यय का 5.4 फीसदी हिस्सा है। आरआईएल की 45वीं सालाना आमसभा (एजीएम) की बैठक को संबोधित करते हुए अंबानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड शेयरधारकों का ध्यान रखती है। कंपनी ने सभी सेक्टर्स में अच्छा प्रदर्शन किया है।

इतना है मार्केट कैप
उल्लेखनीय है कि मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड देश की सबसे मूल्यवान कपनी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का मार्केट कैप 17,56,795.64 करोड़ रुपये है। आज बीएसई पर कंपनी का शेयर (RIL Share Price) 21.95 अंक (0.84 फीसदी) की गिरावट के साथ 2596.80 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यह 18.00 अंक नीचे 2,600.00 पर बंद हुआ।

रिलायंस ने 2021-22 में अपने रिटेल, टेलिकॉम, एनर्जी और डिजिटल बिजनेस में बड़ी प्रगति की है। अपने संबोधन में मुकेश अंबानी ने कहा कि देश की तरक्की में कंपनी बड़ा योगदान देगी। विश्व के कई हिस्सों में गंभीर आर्थिक तनाव हैं। भू-राजनीतिक संकट और ग्लोबल जोखिम के कारण फिलहाल अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। वित्त वर्ष 2022 के अंत में रिलायंस इंडस्ट्रीज का वर्कफोर्स 3.43 लाख था।

End of Article