Budget 2022: पीएम मोदी बोले- बजट गरीबों के कल्याण के लिए है, कहा- हर पहलू और क्षेत्र पर दिया गया ध्यान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 1, 2022, 06:16 PM IST

PM Narendra Modi Reaction on Budget 2022: व‍ित्‍त मंत्री न‍िर्मला सीतारमण द्वारा जारी बजट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।

Budget 2022: पीएम मोदी बोले- बजट गरीबों के कल्याण के लिए है, कहा- हर पहलू और क्षेत्र पर दिया गया ध्यान

PM Narendra Modi Reaction on Budget 2022: साल 2022-23 के लिए केंद्र सरकार ने आम बजट जारी कर दिया है। सोशल मीडिया पर बजट को लेकर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। यह बजट इसलिए काफी खास था क्योंकि आने वाले कुछ ही दिनों में उत्तर प्रदेश सहित देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बजट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। बजट भाषण समाप्त हो जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी। 

पीएम मोदी ने कहा ये बजट 100 साल की भयंकर आपदा के बीच, विकास का नया विश्वास लेकर आया है। ये बजट, अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही सामान्य मानवी के लिए, अनेक नए अवसर बनाएगा। इस बजट का एक महत्वपूर्ण पहलू है- गरीब का कल्याण। हर गरीब के पास पक्का घर हो, नल से जल आता हो, उसके पास शौचालय हो, गैस की सुविधा हो, इन सभी पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही आधुनिक इंटरनेट कनेक्टिविटी पर भी उतना ही जोर है। 

प्रधानमंत्री मोदी बोले- ये बजट More Infrastructure, More Investment, More Growth, और More Jobs की नई संभावनाओं से भरा हुआ है। हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, नॉर्थ ईस्ट, ऐसे क्षेत्रों के लिए पहली बार देश में पर्वतमाला योजना शुरू की जा रही है। ये योजना पहाड़ों पर ट्रांसपोर्टेशन की आधुनिक व्यवस्था का निर्माण करेगी। भारत के कोटि-कोटि जनों की आस्था, मां गंगा की सफाई के साथ-साथ किसानों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस बजट में क्रेडिट गारंटी में रिकॉर्ड वृद्धि के साथ ही कई अन्य योजनाओं का ऐलान किया गया है। डिफेंस के कैपिटल बजट का 68 परसेंट डोमेस्टिक इंडस्ट्री को रिजर्व करने का भी बड़ा लाभ, भारत के MSME सेक्टर को मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि बजट के प्रावधान यह सुनिश्चित करने वाले हैं की कृषि लाभप्रद हो, इसमें नये अवसर हों। नए एग्रीकल्चर स्टार्ट अप्स को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष फंड हो, या फिर फूड प्रोसेसिंग उद्योग के लिए नया पैकेज, इससे किसानों की आय बढ़ाने में बहुत मदद मिलेगी। MSP खरीद के माध्यम से किसानों के खाते में सवा दो लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा सीधे ट्रांसफर किए जा रहे हैं।

पीएम ने कहा कि कोरोना काल में MSME यानि हमारे छोटे उद्योगों की मदद और उनकी सुरक्षा के लिए देश ने लगातार अनेक निर्णय लिए थे। अनेक प्रकार की मदद पहुंचाई थी। इस बजट में क्रेडिट गारंटी में रिकॉर्ड वृद्धि के साथ ही कई अन्य योजनाओं का ऐलान किया गया है। डिफेंस के कैपिटल बजट का 68 परसेंट डोमेस्टिक इंडस्ट्री को रिजर्व करने का भी बड़ा लाभ, भारत के MSME सेक्टर को मिलेगा। ये आत्मनिर्भरता की तरफ बहुत बड़ा मजबूत कदम है। साढ़े 7 लाख करोड़ रुपए के पब्लिक इन्वेस्टमेंट से अर्थव्यवस्था को नई गति के साथ ही, छोटे और अन्य उद्योगों के लिए नए अवसर भी बनेंगे।

निर्मला सीतारमण ने पेश किया बजट

देश की व‍ित्‍त मंत्री न‍िर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने 39.45 लाख करोड़ का कुल बजट लोकसभा में पेश किया। यह मोदी सरकार का 10वां और बतौर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का चौथा बजट है। कोरोना काल और पांच राज्यों में होन रही चुनाव के मौसम में पूरे देश को वित्त मंत्री से बड़े ऐलान की उम्मीद थी। बजट में निर्मला सीतारमण शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, युवा, महिला, छात्र, उद्यमी, रेल सहित हर क्षेत्र और वर्ग के लिए कई योजनाओं की घोषणा की गई।

End of Article