नई दिल्ली। अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) एक महीने से भी कम समय में एक और अरबपति को पीछे छोड़ते हुए अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स के मुताबिक, 155.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ गौतम अडानी (Gautam Adani networth) ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने फ्रांसीसी व्यवसायी बर्नार्ड अरनॉल्ट को भी पछाड़ दिया है। हालांकि, ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, वे 149 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अब भी विश्व के तीसरे सबसे रईस शख्स हैं।
गौतम अडानी ने रचा इतिहास
मालूम हो कि यह पहली बार कोई भारतीय ब्लूमबर्ग बिलेनियर की इस लिस्ट में इस स्थान पर पहुंचा है। अब अडानी से आगे सिर्फ टेस्ला (Tesla) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क (Elon Musk) हैं। उल्लेखनीय है कि ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक अडानी उन पांच अरबपतियों में से एक हैं, जिनकी कुल संपत्ति 100 अरब डॉलर से ज्यादा है। उनके अलावा एलन मस्क, जेफ बेजोस, बर्नार्ड अरनॉल्ट और बिल गेट्स 100 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं।
ये रही दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट (Top 10 Richest Person Of The World)-
| रैंक | नाम | कुल संपत्ति (डॉलर में) | कंपनी/उद्योग | देश |
| 1. | एलन मस्क | 273.5 अरब | टेस्ला, स्पेस एक्स | अमेरिका |
| 2. | गौतम अडानी एंड फैमिली | 155.5 अरब | इंफ्रास्ट्रक्चर, कमोडिटी | भारत |
| 3. | बर्नार्ड अर्नाट एंड फैमिली | 155.2 अरब | LVMH | फ्रांस |
| 4. | जेफ बेजोस | 149.7 अरब | अमेजन | अमेरिका |
| 5. | बिल गेट्स | 105.3 अरब | माइक्रोसॉफ्ट | अमेरिका |
| 6. | लैरी एलिसन | 98.3 अरब | सॉफ्टवेयर | अमेरिका |
| 7. | वॉरेन बफेट | 96.5 अरब | बर्कशायर हैथवे | अमेरिका |
| 8. | मुकेश अंबानी | 92.2 अरब | डायवर्सिफाइड | भारत |
| 9. | लैरी पेज | 89 अरब | गूगल | अमेरिका |
| 10. | सर्गी ब्रिन | 85.4 अरब | गूगल | अमेरिका |
(स्रोत: Forbes)
फोर्ब्स (Forbes) के अनुसार, शुक्रवार को 60 वर्षीय गौतम अडानी की संपत्ति 5.2 अरब डॉलर या 3.49 फीसदी बढ़ी है। अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में आए उछाल से गौतम अडानी की संपत्ति बढ़ी है। इस साल तेल और नेचुरल गैस की कीमत में उछाल की वजह से अडानी ग्रुप के अध्यक्ष की कुल संपत्ति में 70 अरब डॉलर से भी ज्यादा का इजाफा हुआ है।
तेजी से बढ़ रही है अडानी की संपत्ति
इस साल फरवरी में गौतम अडानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर आदमी बने थे। दो महीने बाद अप्रैल में, अडानी की कुल संपत्ति 100 अरब डॉलर के पार हो गई थी। जुलाई में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स (Bill Gates) को पीछे छोड़ और दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति बने। इसके बाद 30 अगस्त को वह फ्रांसीसी अरबपति बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़ते हुए लिस्ट में टॉप तीन में शामिल होने वाले पहले एशियाई बने।

