Reliance Infra Q3 Results: रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का शुद्ध घाटा बढ़ गया है। अनिल अंबानी की कंपनी को चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 3,298.35 करोड़ रुपये का घाटा हो गया है। वहीं पिछले साल समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध घाटा 421.17 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इसकी कुल आमदनी चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में बढ़कर 5,129.07 करोड़ रुपये हो गई।
ये भी पढ़ें -
कितनी बढ़ी इनकम
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की आमदनी 4,717.09 करोड़ रुपये रही थी। यानी साल दर साल आधार पर इसकी इनकम में 8.73 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
खर्च में आई गिरावट
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने बताया कि इसका खर्च चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में घटकर 4,963.23 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,068.71 करोड़ रुपये था। यानी इसके खर्च में 2.08 फीसदी की गिरावट आई है।
रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर का कारोबार
रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर कई सेक्टरों को सर्विसेज देती है। कंपनी बिजली, सड़क, मेट्रो रेल और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टरों के लिए इंजीनियरिंग और निर्माण सर्विसेज प्रोवाइड करने के कारोबार में है। शुक्रवार को बीएसई पर रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर का शेयर 6.54 फीसदी की गिरावट के साथ 250 रु पर बंद हुआ। (इनपुट - भाषा)
