बिजनेस

Share Market Today : चौथे दिन बाजार में बिकवाली हावी, Sensex 410, Nifty 120 अंक लुढ़का

शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन बिकवाली हावी रही। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स में जहां शुरुआती कारोबार में 410 अंक की गिरावट आई। वहीं, Nifty इस दौरान 120 अंक लुढ़क गया है।

Image

शेयर बाजार में गिरावट जारी (Image Source: iStock)

Share Market Today : घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty शुरुआती कारोबार में दबाव में नजर आए। यह लगातार चौथा दिन है, जब बाजार में बिकवाली हावी है। Nifty जहां 120 अंक की गिरावट के साथ 23,876.20 अंक तक लुढ़क गया है। वहीं, Sensex 410 अंक की गिरावट के साथ 76,344.67 अंक तक फिसल गया है। बाजार की इस गिरावट के पीछे एक नहीं, बल्कि कई वजहें एक साथ काम कर रही हैं। सबसे बड़ा दबाव आईटी और बैंकिंग शेयरों से आया, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

आईटी और बैंकिंग शेयर बने सबसे बड़े विलेन

शुरुआती कारोबार में निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 0.92% और निफ्टी बैंक 0.62% टूट गया। इसके अलावा प्राइवेट बैंक, फार्मा, रियल्टी और हेल्थकेयर सेक्टर में भी बिकवाली देखने को मिली। चूंकि आईटी और बैंकिंग का निफ्टी में सबसे ज्यादा वेटेज है, इसलिए इन सेक्टरों की कमजोरी का सीधा असर पूरे बाजार पर पड़ा।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बढ़ी चिंता

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया और करीब 2.3% की तेजी दर्ज की गई। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड भी लगभग 88 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने से आयात बिल, महंगाई और कंपनियों की लागत बढ़ने की आशंका रहती है। यही वजह है कि निवेशकों का रुझान थोड़ा सतर्क हो गया।

ग्लोबल संकेत भी पूरी तरह मजबूत नहीं

अमेरिकी बाजारों के फ्यूचर्स में हल्की कमजोरी देखने को मिली। डॉव जोंस फ्यूचर्स और एसएंडपी 500 फ्यूचर्स दोनों लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। हालांकि एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। हैंग सेंग और कोस्पी में तेजी थी, लेकिन गिफ्ट निफ्टी कमजोर बना रहा, जिससे भारतीय बाजार को मजबूत शुरुआती संकेत नहीं मिल सके।

मार्केट ब्रेड्थ हुई कमजोर

सिर्फ बड़ी कंपनियां ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव दिखा। निफ्टी मिडकैप 100, निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी 500 सभी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इससे साफ है कि बिकवाली कुछ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बाजार के बड़े हिस्से में देखने को मिली।

किन सेक्टरों ने दिखाई मजबूती?

गिरावट के बीच कुछ सेक्टरों ने राहत भी दी। निफ्टी मेटल, निफ्टी ऑटो, मीडिया और सीमेंट इंडेक्स हल्की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक पूरी तरह जोखिम से दूर नहीं हुए हैं, बल्कि सेक्टर बदलकर निवेश कर रहे हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article