बिजनेस

Amazon Layoffs: सुबह-सुबह एक ईमेल और 250 लोगों की नौकरी खत्म

अमेजन ने एक महीने में दूसरी बार कर्मचारियों को झटका दिया है। कंपनी ने अपनी डिवाइसेज एंड सर्विसेज डिवीजन से एक झटके में 250 लोगों की नौकरी खत्म कर दी है।

Image

अमेजन ने दिया कर्मचारियों को बड़ा झटका

Amazon Layoffs: दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन (Amazon) में एक बार फिर छंटनी हुई है। कंपनी ने अपने डिवाइसेज एंड सर्विसेज (Devices and Services) डिवीजन में करीब 250 पदों को खत्म किया है। प्रभावित कर्मचारियों को बुधवार सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज के जरिए इसकी जानकारी दी गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी का सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े कर्मचारियों पर पड़ा है।

यह छंटनी ऐसे समय हुई है, जब कंपनी ने हाल ही में किंडल (Kindle) ई-रीडर और टैबलेट जैसे नए प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं। कंपनी ने छंटनी की पुष्टि करते हुए कहा कि इसका मकसद कामकाज को ज्यादा कुशल बनाना और कर्मचारियों की संख्या को अपने प्रोडक्ट प्लान के अनुरूप रखना है।

किन कर्मचारियों पर पड़ा असर?

ताजा छंटनी की डिवाइस और सर्विस डिवीजन में हुई है। यह विभाग किंडल ई-रीडर और एलेक्सा (Alexa) से चलने वाले डिवाइस जैसे कंज्यूमर टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट तैयार करता है।

रिपोर्ट के मुताबिक इस बार 250 पद खत्म किए गए हैं। इनमें ज्यादातर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े पद हैं। हालांकि, कंपनी ने प्रभावित टीमों, कर्मचारियों की संख्या और अलग-अलग विभागों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है।

सुबह-सुबह ईमेल और मैसेज से दी गई जानकारी

कर्मचारियों को बुधवार सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज के जरिए नौकरी खत्म किए जाने की जानकारी दी गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक डिवाइस और सर्विसेज डिवीजन की ह्यूमन रिसोर्सेज वाइस प्रेसिडेंट चेरी रॉबिन्सन (Cherie Robinson) की ओर से भेजे गए एक संदेश में कहा गया कि कंपनी ने अपने संगठनात्मक ढांचे की विस्तृत समीक्षा की थी। इसी समीक्षा के बाद कुछ पद खत्म करने का फैसला लिया गया।

वहीं, अमेजन के इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी ने कुछ पदों को खत्म करने का मुश्किल फैसला लिया है। कंपनी के मुताबिक, इससे कामकाज को अधिक कुशल बनाने और कर्मचारियों की संख्या को भविष्य की प्रोडक्ट योजनाओं के अनुरूप रखने में मदद मिलेगी।

एक महीने से भी कम समय में दूसरी बड़ी छंटनी

अमेजन में अक्टूबर में यह छंटनी का दूसरा बड़ा घटनाक्रम है। इससे पहले कंपनी ने अपने मुख्य रिटेल कारोबार में करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। उस दौरान मुख्य ई-कॉमर्स वेबसाइट से जुड़े स्टोर बिजनेस सहित अन्य टीमों पर असर पड़ा था।

ताजा छंटनी और पहले की कटौती कंपनी के अलग-अलग कारोबार में हुई है। इससे संकेत मिलता है कि अमेजन अपने संगठनात्मक ढांचे और कर्मचारियों की जरूरतों की समीक्षा कर रही है। हालांकि, कंपनी ने दोनों छंटनी के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है।

प्रोडक्ट लॉन्च के बीच क्यों हुई छंटनी?

डिवाइस और सर्विस डिवीजन ने हाल ही में नए किंडल ई-रीडर और टैबलेट कंप्यूटर पेश किए हैं। बुधवार को एलेक्सा वॉयस असिस्टेंट से लैस नई अलार्म क्लॉक और फोटो फ्रेम की भी घोषणा की। इसके बावजूद कंपनी ने कुछ पद खत्म करने का फैसला लिया है। इसे अमेजन ने कर्मचारियों के ढांचे और अपनी प्रोडक्ट योजनाओं के बीच बेहतर तालमेल बैठाने की कोशिश बताया है।

AI की मांग से AWS पर बढ़ रहा दबाव

अमेजप के कारोबार की तस्वीर का एक दूसरा पहलू भी है। कंपनी की क्लाउड कंप्यूटिंग इकाई अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी के CEO एंडी जेसी (Andy Jassy) ने 23 अक्टूबर को कहा था कि AWS की क्लाउड क्षमता 2027 तक काफी हद तक बुक हो चुकी है और 2028 की क्षमता का भी बड़ा हिस्सा ग्राहकों के लिए कमिट किया जा चुका है। कंपनी ने 2026 के लिए करीब 220 अरब डॉलर के पूंजीगत खर्च का अनुमान भी दिया था।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article