Air India Domestic Flights: एयर इंडिया (Air India) ने जून से अगस्त 2026 के बीच कुछ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानों की संख्या अस्थायी रूप से कम करने का फैसला किया है। कंपनी की ओर से यह कदम लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण उठाया जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों जैसी सुविधाएं देने की बात कही है, लेकिन इस फैसले का बड़ा असर गर्मियों में हवाई यात्रा के महंगे होने के रूप में देखा जा सकता है।
हवाई सफर होगा महंगा
गर्मियों में छुट्टियों और पर्यटन के कारण हवाई यात्राओं की मांग काफी बढ़ जाती है। स्कूलों की छुट्टियां, पर्यटन सीजन और पारिवारिक यात्राओं के चलते बड़ी संख्या में लोग फ्लाइट से सफर करते हैं। ऐसे समय में अगर किसी एयरलाइन द्वारा उड़ानों की संख्या कम की जाती है, तो सीटों की उपलब्धता घट जाती है। इसका सीधा असर टिकट कीमतों पर पड़ सकता है।
हवाई टिकट जेब करेगी ढीली
मांग अधिक और सीटें कम होने की स्थिति में एयरफेयर बढ़ जाता है। खासकर लोकप्रिय रूट्स जैसे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, गोवा, कोलकाता और पर्यटन स्थलों के लिए टिकट पहले की तुलना में महंगे हो सकते हैं। यात्रियों को आखिरी समय में टिकट बुक करने पर ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतें बनी वजह
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, "कंपनी की ओर से जून से अगस्त 2026 के बीच कुछ घरेलू रूट्स पर अस्थायी रूप से उड़ानों की संख्या कम करने का फैसला लिया गया है।" इसी के साथ एयरलाइन ने कुछ रूट्स पर फ्लाइट फ्रीक्वेंसी को घटा दिया है। कंपनी ने आगे कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण परिचालन पर पड़ रहे असर को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।
फिर से बढ़ाई जाएंगी उड़ान
हालांकि, कंपनी की ओर से यात्रियों को आश्वासन देते हुए कहा गया है कि एयर इंडिया मांग और परिचालन स्थितियों पर लगातार नजर बनाए रखेगी और परिस्थितियां सामान्य होने पर उड़ानों की संख्या फिर से बढ़ाने पर विचार करेगी।
यात्रियों को नहीं आएगी परेशानी
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने यह भी कहा है कि इन बदलावों से प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में सीट
की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा, यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के तारीख बदलने की सुविधा या पूरा रिफंड दिया जाएगा।
