बिजनेस

क्या AI छीनेगा नौकरी? एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग ने बताया- भविष्य पर कौन करेगा राज?

AI Job Cuts: जेनसन हुआंग (Jensen Huang) ने कहा कि AI नौकरी खत्म नहीं करेगा। जो लोग AI सीखेंगे वही आगे बढ़ेंगे। कंपनियां AI से ज्यादा उत्पादक बनेंगी और भविष्य में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।

Image

AI नहीं छीनेगा नौकरी! Jensen Huang बोले- जो AI सीखेगा, वही भविष्य पर करेगा राज (तस्वीर-X)

AI Job Cuts : दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ लोगों के मन में नौकरी जाने का डर भी बढ़ रहा है। कई बड़ी कंपनियां कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं और साथ ही AI में भारी निवेश कर रही हैं। इसी बीच एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग (Jensen Huang) ने AI को नौकरी कटौती से जोड़ने वाले दावों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों के CEO AI का नाम लेकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि यह पूरी तरह सही नहीं है।

‘AI से नौकरी कटने’ की कहानी को बताया गलत

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक चैनल न्यूज एशिया को दिए इंटरव्यू में हुआंग ने कहा कि AI को नौकरी जाने का कारण बताना आलसी सोच है। उन्होंने कहा कि AI तकनीक अभी हाल के महीनों में ही ज्यादा उपयोगी और प्रभावी बनी है, इसलिए यह कहना गलत है कि कई साल पहले हुई छंटनी AI की वजह से थी। उनके मुताबिक कुछ कंपनियां सिर्फ आधुनिक और समझदार दिखने के लिए AI का बहाना बना रही हैं।

लोगों को डराना गैर-जिम्मेदाराना

हुआंग ने कहा कि AI के नाम पर लोगों में डर पैदा करना गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। उन्होंने कहा कि कंपनियों को यह समझना चाहिए कि नई तकनीक हमेशा बदलाव लाती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इंसानों की जरूरत खत्म हो जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि AI को लेकर डर फैलाने के बजाय लोगों को इसके सही इस्तेमाल के बारे में समझाना चाहिए।

कई कंपनियां कर रही हैं छंटनी

हाल के महीनों में कई बड़ी कंपनियों ने कर्मचारियों की संख्या कम करने की घोषणा की है। रिपोर्ट के मुताबिक Meta भी AI निवेश बढ़ाने और कामकाज को ज्यादा तेज बनाने के लिए अपने कर्मचारियों की संख्या में बड़ी कटौती की योजना बना रही है। इसी तरह Standard Chartered के CEO बिल विंटर्स को भी आलोचना झेलनी पड़ी थी, जब उन्होंने कहा था कि बैंक कम मूल्य वाले मानव संसाधनों की जगह तकनीक का इस्तेमाल करेगा। बाद में उन्हें अपने बयान पर माफी मांगनी पड़ी।

AI सीखने वालों को मिलेगा फायदा

हुआंग का मानना है कि भविष्य में वही लोग आगे बढ़ेंगे जो AI का इस्तेमाल सीखेंगे। उन्होंने कहा कि आपकी नौकरी AI नहीं छीनेगा, बल्कि वह व्यक्ति आपकी जगह ले सकता है जिसने AI को आपसे बेहतर तरीके से सीख लिया हो। उनके मुताबिक नई तकनीक से डरने के बजाय लोगों को खुद को अपडेट करना चाहिए और नए कौशल सीखने चाहिए।

PC क्रांति का दिया उदाहरण

AI को समझाने के लिए हुआंग ने पर्सनल कंप्यूटर यानी PC क्रांति का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब कंप्यूटर आए थे तब भी लोगों को डर था कि नौकरियां खत्म हो जाएंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बल्कि जो लोग कंप्यूटर चलाना नहीं सीख पाए, वे पीछे रह गए। ठीक इसी तरह AI भी एक नया टूल है, जिसे सीखने वाले लोग आगे बढ़ेंगे।

आने वाले समय में बढ़ सकती हैं नौकरियां

हुआंग ने उम्मीद जताई कि अगले पांच वर्षों में नौकरियों की संख्या बढ़ सकती है। उनका कहना है कि AI की मदद से कंपनियां ज्यादा तेज और बेहतर तरीके से काम कर पाएंगी। इससे उनका कारोबार बढ़ेगा, मुनाफा बढ़ेगा और उन्हें ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी। यानी AI केवल काम करने का तरीका बदलेगा, पूरी तरह इंसानों की जगह नहीं लेगा।

एनवीडिया में भी बढ़ रही भर्ती

Nvidia का उदाहरण देते हुए हुआंग ने कहा कि उनकी कंपनी लगातार नए लोगों को नौकरी दे रही है और तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन कामों को पहले पूरा करने में 10 साल लगते थे, अब AI की मदद से वही काम 1 या 2 साल में हो सकते हैं। आखिर में उन्होंने कहा कि जो लोग अपने समय की नई तकनीक को अपनाएंगे, वही भविष्य में सफल रहेंगे।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article