AI Stocks बूम की हवा में 55,000 फीसदी उछला ये स्टॉक, हाइप के पीछे की हकीकत जान निवेशक हैरान, SEBI ने शुरू की जांच
- Authored by: यतींद्र लवानिया
- Updated Dec 18, 2025, 12:41 PM IST
AI Stocks के वैल्यूएशन को लेकर पूरी दुनिया में सवाल उठ रहे हैं। इस बीच एक भारतीय कंपनी के शेयर में AI बूम की हवा से 55 हजार फीसदी का उछाल आ चुका है। इस हाइप के पीछे की हकीकत जब सामने आई, तो तमाम निवेशकों के पैरों तले जमीन खिसक गई है। क्योंकि, कंपनी का असल में AI से सीधे तौर पर कोई लेनादेना भी नहीं है। फिलहाल, बाजार नियामक SEBI ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानें क्या है पूरा मामला?
ट्रेडिंग प्रतिबंध के दायरे में आया स्टॉक। (इमेज क्रेडिट, ओपन एआई)
Artificial Intelligence Stocks Boom: कमजोर फंडामेंटल, लिमिटेड फ्री फ्लोट इक्विटी जैसे बड़े रेड फ्लैग के बावजूद RRP सेमीकंडक्टर के शेयर में पिछले 20 महीनों में 55 हजार फीसदी का उछाल आ चुका है। ET की एक रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया हाइप के दम पर उड़ान भरने वाले इस शेयर की हकीकत जब सामने आई, तो तमाम निवेशकों के पैरों तले जमीन खिसक गई। क्योंकि, असल में कंपनी का सीधे तौर पर AI या चिप मैन्युफैक्चरिंग से कोई संबंध ही नहीं है। फिलहाल, बाजार नियामक SEBI ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानें क्या है पूरा मामला?
AI थीम की रैली में भरी उड़ान
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI थीम के स्टॉक्स की रैली में जहां Nvidia जैसी मशहूर कंपनी ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप पार कर रही थी। वहीं, भारत का एक लगभग अनजान स्टॉक अचानक इस रैली के चलते दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से चढ़ने वाला शेयर बन गया। हम बात कर रहे हैं RRP सेमीकंडक्टर लिमिटेड की, जिसे के शेयरों ने सिर्फ 20 महीनों में 55,000% से ज्यादा का उछाल दिखाया और 100 करोड़ डॉलर से ऊपर के मार्केट कैप वाली कंपनियों में वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ी रैली दर्ज की है।

15 रुपये से 11 हजार तक पहुंचा ये स्टॉक। (इमेज क्रेडिट, गूगल फाइनेंस)
सोशल मीडिया की अफवाहों ने बनाया सुपरस्टार
फंडामेंटल्स कमजोर होने के बाद भी इस स्टॉक में बेतहाशा रैली आई। अप्रैल 2024 में महज 15 रुपये का यह स्टॉक नवंबर 2025 तक 11,900 रुपये तक उछल गया। इस रैली के पीछे असल में सोशल मीडिया पर किए गए भ्रामक दावे थे। हालांकि, बाद में कंपनी ने उन दावों का खंडन भी किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कंपनी, रेगुलेटरी फाइलिंग बताया कि RRP सेमीकंडक्टर को भारत सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन से कोई मदद नहीं मिली है, न ही उसने ASIC चिप्स का निर्यात किया है, और न ही सचिन तेंदुलकर जैसे किसी सेलिब्रिटी ने कंपनी में निवेश किया है, जैसा कि अफवाहें थीं।
क्या करती है कंपनी, कैसी ही वित्तीय हालत?
असल में कंपनी आउटसोर्सड सेमीकंडटक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) पर काम करती है। इसका सीधे तौर पर AI चिप्स बनाने से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल, स्टॉक एक्सचेंज BSE-NSE ने कंपनी के शेयर ट्रेडिंग प्रतिबंध लगा रखा है। वहीं, फंडामेंटल के लिहाज से देखें, तो हालिया वित्तीय नतीजों में कंपनी ने नेगेटिव रेवेन्यू दर्ज किया है। कंपनी की सालाना रिपोर्ट में सिर्फ दो फुल-टाइम कर्मचारियों का जिक्र है और 2024 की शुरुआत में यह रियल एस्टेट से निकलकर सेमीकंडक्टर थीम से जुड़ी। इसके बावजूद ऑनलाइन हाइप के दम पर शेयर ने 149 दिन तक लगातार अपर सर्किट हिट किया।
SEBI की नजर और रैली में दरार
अब इस बेतहाशा तेजी पर अब नियामकीय शिकंजा कसता दिख रहा है। ET की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने RRP के शेयरों में आई असामान्य तेजी की जांच शुरू कर दी है। इस स्टॉक को अब हफ्ते में सिर्फ एक बार ट्रेडिंग की अनुमति दी गई है। 7 नवंबर के शिखर से शेयर करीब 6% फिसल चुका है।
प्रमोटर कंट्रोल और लो-लिक्विडिटी का असर
एक्सचेंज और कॉरपोरेट फाइलिंग के मुताबिक कंपनी के करीब 98% शेयर प्रमोटर और उनसे जुड़े सीमित समूह के पास हैं। इतनी कम लिक्विडिटी में थोड़ी सी मांग भी कीमतों को तेज उछाल दे देती है। कंपनी का नाम बदलना, प्रमोटर की लोन-टू-इक्विटी डील और निजी इकाइयों से जुड़े सेमीकंडक्टर प्लान्स ने इस स्टोरी को और हवा दी।
हकीकत सामने आने पर बढ़ी चिंता
कंपनी ने खुद एक्सचेंज फाइलिंग में साफ किया है कि उसने अब तक किसी भी तरह की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग शुरू नहीं की है और न ही सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं के तहत कोई आवेदन किया गया है। सितंबर तिमाही में नेगेटिव रेवेन्यू और घाटा इस AI हाइप के बीच निवेशकों के लिए बड़ा रेड-फ्लैग माना जा रहा है। तमाम रिटेल निवेशकों के लिए अब सबसे बड़ा तनाव इस स्टॉक से बाहर निकलना है, क्योंकि ट्रेडिंग प्रतिबंध के चलते निकलना मुश्किल हो गया है और अब शेयर के खरीदार भी नहीं मिल रहे हैं।
डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।