बिजनेस

LPG के बाद अब पेट्रोल-डीजल की बारी ! मोदी सरकार त्योहारों से पहले दे सकती है गिफ्ट

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated Aug 31, 2023, 01:43 PM IST

Petrol-Diesel Price May Cut After LPG: ऐसा अनुमान है कि सरकार द्वारा एलपीजी की कीमतों में 200 रुपये की राहत देने से महंगाई दर में 0.30 फीसदी तक कमी आ सकती है। इसके अलावा टमाटर और दूसरी खाने-पीने की कीमतों में कमी आने से महंगाई 6 फीसदी के दायरे में आने की संभावना है। ऐसे में सरकार त्योहारों के पहले आम आदमी को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम घटा सकती है।

Image

बड़ी राहत की तैयारी

Petrol-Diesel Price May Cut After LPG: घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती के बाद मोदी सरकार त्याहारों और चुनावों को देखते हुए आम आदमी को एक और तोहफा दे सकती है। इसके तहत सरकार अब पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटा सकती है। दोनों की कीमतों में पिछले 15 महीने से कमी नहीं आई है। जबकि कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम हुई है। सरकार पर इसलिए भी यह फैसला लेने का दबाव है क्योंकि जुलाई में रिटेल महंगाई दर 15 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों में विधान सभा चुनाव की दस्तक है। ऐसे में सरकार त्योहारों के पहले महंगाई के प्रति बढ़ती नाराजगी को कम करने के लिए सरकार यह अहम कदम उठा सकती है।

टमाटर, प्याज,चावल, चीनी पर सरकार ने लिया एक्शन

जिस तरह जून से टमाटर की कीमतें 200 रुपये पार कर गई थी। और उसके बाद प्याज, चावल और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, उसकी वजह से रिटेल महंगाई जुलाई 7.44 फीसदी पर पहुंच गई। बढ़ती कीमतों को देखते हुए सरकार एक्शन मोड में आ गई है। उसने जहां प्याज के निर्यात पर सख्ती की है, वहीं चावल, चीनी के निर्यात पर भी सख्ती कर दी है। इसके अलावा नेपाल से टमाटर आयात शुरू किया। इसका असर यह हुआ टमाटर के दाम गिरने लगे और चावल, प्याज के दाम पर भी लगाम लगी। और अब एलपीजी की कीमतों में 200 रुपये की सब्सिडी देकर महंगाई में कमी लाने की कोशिश है।

LPG कीमतों में कटौती से इतनी घटेगी महंगाई

ऐसा अनुमान है कि सरकार द्वारा एलपीजी की कीमतों में 200 रुपये की राहत देने से महंगाई दर में 0.30 फीसदी तक कमी आ सकती है। इसके अलावा टमाटर और दूसरी खाने-पीने की कीमतों में कमी आने से महंगाई 6 फीसदी के दायरे में आने की संभावना है। ऐसे में सरकार त्योहारों के पहले आम आदमी को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम घटा सकती है।

15 महीने से नहीं घटे हैं दाम

जून में रिसर्च फर्म जेएम फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज ने दावा किया था कि अगस्त में तेल कंपनियां प्रति लीटर 4-5 रुपये की कटौती कर सकती है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 86 डॉलर प्रति बैरल के आसपास हैं। ऐसे में तेल कंपनियों को बड़ा नुकसान नहीं हैं। आखिरी बार मई 2022 पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती हुई थी। उस वक्त केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की एक्साइज ड्यूटी में कटौती की थी। पेट्रोल पर 8 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाई गई थी।अभी दिल्ली में 96.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर कीमत है।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article