बिजनेस

Gold Loan : गिरवी रखा सोना होने वाला है नीलाम, जानें कैसे बचा सकते हैं अपनी ज्वेलरी?

किसी वजह से गोल्ड लोन नहीं चुका पा रहे हैं, जिससे आपकी ज्वेलरी नीलाम होने वाली है, तो परेशान नहीं हों। क्योंकि, इस स्थिति में भी आपको पास ऐसे रास्ते हैं, जिनसे ज्वेलरी को बचा सकते हैं।

Image

RBI देता है गिरवी गोल्ड की नीलामी रोकने का अधिकार

Gold Loan Auction Rules: अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर बहुत से लोग बैंक या NBFC में सोने के गहने गिरवी रखकर लोन लेते हैं। लेकिन कई बार आर्थिक परेशानी के कारण समय पर लोन चुकाना मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में गिरवी रखे सोने की नीलामी का खतरा पैदा हो सकता है। इतना ही नहीं, सोने की कीमत में गिरावट भी आपके गोल्ड लोन को मुश्किल में डाल सकती है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सोने का भाव गिरते ही बैंक आपकी ज्वेलरी नीलाम कर देगा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने गोल्ड लोन की नीलामी और ग्राहकों के अधिकारों को लेकर स्पष्ट नियम बनाए हैं। आइए समझते हैं कि किन परिस्थितियों में सोना नीलाम हो सकता है और नीलामी रोकने के लिए आप क्या कर सकते हैं।

किन परिस्थितियों में नीलाम हो सकता है आपका सोना?

गोल्ड लोन में नीलामी की नौबत मुख्य रूप से दो परिस्थितियों में आ सकती है। पहली, स्थिति तब बनती है, जब सोने की कीमत गिरने LTV रेश्यो बढ़ जाता है। असल में जब आप सोना गिरवी रखकर लोन लेते हैं तो बैंक या NBFC उसके मूल्य के आधार पर लोन देती है। इसे लोन-टू-वैल्यू (LTV) रेशियो कहा जाता है। RBI के नियमों के मुताबिक, इस्तेमाल के लिए लिए गए गोल्ड लोन पर 2.50 लाख रुपये तक के कुल लोन के लिए अधिकतम LTV 85 फीसदी, 2.50 लाख से 5 लाख रुपये तक के लिए 80 फीसदी और 5 लाख रुपये से अधिक के लिए 75 फीसदी है। जब यह रेश्यो बढ़ता है, और आप जरूरत के मुताबिक एक्स्ट्रा गोल्ड या कैश सेटलमेंट नहीं करते, तो गोल्ड को नीलाम किया जा सकता है।

लोन का भुगतान नहीं करना

गोल्ड की नीलामी की दूसरी बड़ी वजह लोन के भुगतान में चूक है। खासकर बुलेट रिपेमेंट लोन में ग्राहक को निर्धारित अवधि पूरी होने पर मूलधन और ब्याज दोनों चुकाने होते हैं। ऐसा नहीं करने पर बैंक या NBFC लोन की वसूली के लिए नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।

नीलामी का नोटिस मिलने पर क्या करें?

अगर आपको बैंक या NBFC की तरफ से नीलामी का नोटिस मिलता है तो उसे नजरअंदाज न करें। सबसे पहले लेंडर से लिखित में बकाया रकम का पूरा ब्योरा मांगें। इसमें मूलधन, ब्याज, पेनल्टी और अन्य शुल्क की जानकारी होनी चाहिए। इसके बाद अपने लोन एग्रीमेंट, की फैक्ट स्टेटमेंट (KFS) और गोल्ड प्लेज रसीद से जानकारी का मिलान करें। नोटिस में दिए गए लोन अकाउंट नंबर, नीलामी की तारीख और बकाया रकम को भी जांचें।

क्या बैंक आपकी ज्वेलरी की कीमत कम लगा सकता है?

गोल्ड लोन लेने के समय बैंक सोने की शुद्धता और वजन के आधार पर उसकी कीमत तय करता है। नीलामी के समय भी मूल्यांकन और रिजर्व प्राइस के लिए नियम निर्धारित हैं। RBI के मुताबिक, नीलामी के लिए रिजर्व प्राइस सोने के मौजूदा आकलित मूल्य का कम से कम 90 फीसदी होना चाहिए। अगर लगातार दो नीलामियां असफल रहती हैं, तो इसे घटाकर कम से कम 85 फीसदी किया जा सकता है।

नीलामी रोकने के क्या हैं पास विकल्प?

अगर बैंक ने LTV में कमी को लेकर मार्जिन कॉल किया है, तो कुछ विकल्पों के जरिए आप अपना सोना बचा सकते हैं।

  • आंशिक भुगतान करें: लोन का कुछ हिस्सा चुकाकर LTV रेशियो को निर्धारित सीमा के भीतर ला सकते हैं।
  • अतिरिक्त सोना गिरवी रखें: लेंडर की मंजूरी और मूल्यांकन के आधार पर अतिरिक्त सोना देकर भी LTV सुधार सकते हैं।
  • लोन रिन्यू कराएं: अगर लोन अकाउंट नियमित है और लेंडर सहमत है तो लोन रिन्यू कराने का विकल्प मिल सकता है।
  • बकाया ब्याज चुकाएं: बुलेट रिपेमेंट लोन को रिन्यू कराने के लिए पहले जमा हो चुके ब्याज का भुगतान करना जरूरी है।

क्या गिरवी रखी ज्वेलरी का एक हिस्सा छुड़ा सकते हैं?

मान लीजिए आपने एक से ज्यादा सोने के गहने गिरवी रखे हैं और उनमें से केवल एक गहना वापस लेना चाहते हैं। ऐसे में आप बैंक से आंशिक भुगतान के बदले एक गहना रिलीज करने का अनुरोध कर सकते हैं। हालांकि, RBI ने किसी एक गहने को अलग से छुड़ाने का अधिकार अनिवार्य रूप से नहीं दिया है। लेंडर बाकी बचे सोने का दोबारा मूल्यांकन कर सकता है और यह देख सकता है कि बचे हुए सोने से लोन का पर्याप्त कवरेज हो रहा है या नहीं।

RBI के नियमों के मुताबिक कैसे होती है सोने की नीलामी?

RBI ने नीलामी की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कई नियम बनाए हैं। लेंडर को नीलामी की जानकारी कम से कम दो अखबारों में प्रकाशित करानी होती है। इनमें एक क्षेत्रीय भाषा का और दूसरा राष्ट्रीय दैनिक होना जरूरी है। पहली नीलामी उसी जिले में फिजिकल रूप से आयोजित की जानी चाहिए, जहां लेंडिंग ब्रांच स्थित है। पहली नीलामी असफल होने पर अगली नीलामी किसी नजदीकी जिले में या ऑनलाइन कराई जा सकती है। बैंक या NBFC और उससे जुड़े पक्ष नीलामी में बोली नहीं लगा सकते, ताकि हितों के टकराव की स्थिति न बने। नीलामी पूरी होने तक ग्राहक को भुगतान या समझौते के विकल्प पर तुरंत लेंडर से संपर्क करना चाहिए। नीलामी रोकने के लिए किसी भी सहमति को लिखित में लेना जरूरी है।

नीलामी के बाद बची रकम किसे मिलेगी?

अगर आपके गिरवी रखे सोने की नीलामी में लोन की बकाया रकम से ज्यादा पैसे मिलते हैं तो अतिरिक्त रकम पर आपका अधिकार है। RBI के नियमों के अनुसार, लेंडर को नीलामी में मिली रकम और उससे चुकाए गए बकाये का पूरा ब्योरा ग्राहक या उसके कानूनी उत्तराधिकारी को देना होगा। नीलामी से मिली पूरी रकम प्राप्त होने के अधिकतम सात कार्यदिवस के भीतर अतिरिक्त पैसा ग्राहक को वापस करना जरूरी है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article