बिजनेस

Adani Group Share: अदाणी ग्रुप की इन कंपनियों के शेयरों में तेजी, जानें क्यों रॉकेट बने शेयर

Adani Power Share: 25 वर्षों के लिए नवीकरणीय और तापीय ऊर्जा आपूर्ति के लिए अदाणी पावर की बोली उस दर से लगभग एक रुपये कम है, जिससे महाराष्ट्र इस समय बिजली खरीद रहा है।इससे राज्य की भविष्य की बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

Image

अदाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी

Adani Power Share:अदाणी समूह को महाराष्ट्र में लंबी अवधि के लिए 6,600 मेगावाट की नवीकरणीय और ताप बिजली आपूर्ति का ठेका मिलने के बाद सोमवार को अदाणी पावर के शेयर में लगभग आठ प्रतिशत की तेजी आई। इस ठेके के लिए समूह की 4.08 रुपये प्रति यूनिट की बोली ने जेएसडब्ल्यू एनर्जी और टोरेंट पावर जैसी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया।बीएसई पर अदाणी पावर का शेयर 7.53 प्रतिशत बढ़कर 681.30 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई पर यह 7.59 प्रतिशत बढ़कर 681.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

Adani Green Energy Share

इसी तरह अदाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर भी बीएसई पर 7.39 प्रतिशत बढ़कर 1,920 रुपये पर पहुंच गए। एनएसई पर यह 7.25 प्रतिशत बढ़कर 1,918 रुपये पर था।मामले की प्रत्यक्ष जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने बताया कि 25 वर्षों के लिए नवीकरणीय और तापीय ऊर्जा आपूर्ति के लिए अदाणी पावर की बोली उस दर से लगभग एक रुपये कम है, जिससे महाराष्ट्र इस समय बिजली खरीद रहा है।इससे राज्य की भविष्य की बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। आशय पत्र दिए जाने की तारीख से 48 महीनों में आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

शुरूआती कारोबार में इन शेयरों में तेजी

विदेशी कोषों की लिवाली और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों में तेजी लौटी और निफ्टी ने नया रिकॉर्ड बनाया।इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 180.92 अंक चढ़कर 83,071.86 पर पहुंच गया।एनएसई निफ्टी 55.1 अंक चढ़कर 25,411.60 पर पहुंच गया। बाद में निफ्टी 89.2 अंक उछलकर 25,445.70 के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।सेंसेक्स की

कंपनियों में एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, लार्सन एंड टूब्रो और बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा तेजी रही।दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लाल निशान में आ गए।शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,364.82 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.07 प्रतिशत बढ़कर 71.66 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article