अगले हफ्ते बाजार में आएंगे 4 नए IPO, 15 की होगी लिस्टिंग, कमाई के लिए हो जाएं तैयार
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 14, 2025, 10:39 AM IST
अगर आप शेयर बाजार या आईपीओ में निवेश करते हैं, तो आने वाला हफ्ता आपके लिए बेहद अहम रहने वाला है। प्राइमरी मार्केट में कई नए आईपीओ खुलने जा रहे हैं और साथ ही कई बड़ी कंपनियों की लिस्टिंग भी तय है, जिससे निवेशकों को कमाई के नए मौके मिल सकते हैं।
IPO Boom
दिसंबर के तीसरे हफ्ते में भारतीय प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। अगले सप्ताह निवेशकों के लिए कई बड़े मौके आने वाले हैं, क्योंकि करीब 830 करोड़ रुपये के चार नए आईपीओ खुलने जा रहे हैं। इसके साथ ही, लगभग 15 कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग भी होने वाली है, जिससे यह हफ्ता साल के सबसे व्यस्त लिस्टिंग हफ्तों में शामिल हो सकता है। खास बात यह है कि इस दौरान मेन बोर्ड और एसएमई, दोनों सेगमेंट में गतिविधियां बनी रहेंगी।
अगले हफ्ते कई कंपनियों की होगी लिस्टिंग
अगले सप्ताह की सबसे चर्चित लिस्टिंग ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) की मानी जा रही है। इस शेयर को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। अनलिस्टेड मार्केट में इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब 249 रुपये बताया जा रहा है, जो आईपीओ प्राइस से लगभग 11 फीसदी ज्यादा है। इससे इसकी लिस्टिंग मजबूत रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा, कोरोना रेमेडीज को लेकर भी बाजार में काफी चर्चा है। अनौपचारिक बाजार में इसका जीएमपी इश्यू प्राइस से करीब 30 फीसदी ऊपर चल रहा है। वहीं, नेफ्रोकेयर का जीएमपी लगभग 7 फीसदी है, जो औसत लिस्टिंग संकेत देता है। वेकफिट का जीएमपी करीब 5 फीसदी है, जिससे सीमित लिस्टिंग गेन की उम्मीद की जा रही है। एसएमई सेगमेंट में केवी टॉयज का जीएमपी करीब 63 फीसदी है, जो इसे मजबूत लिस्टिंग की रेस में आगे रखता है।
केएसएच इंटरनेशनल का मेन बोर्ड आईपीओ
मेन बोर्ड सेगमेंट में सबसे बड़ा आकर्षण केएसएच इंटरनेशनल का आईपीओ है। यह पब्लिक इश्यू मंगलवार, 16 दिसंबर को खुलेगा और गुरुवार, 18 दिसंबर को बंद होगा। इस आईपीओ का प्राइस बैंड 365 रुपये से 384 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। करीब 710 करोड़ रुपये के इस इश्यू की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई दोनों पर होगी। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट इस इश्यू का प्रबंधन कर रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह आईपीओ प्राइमरी मार्केट के ओवरऑल सेंटिमेंट को मजबूती दे सकता है।
एसएमई सेगमेंट में भी रहेगी हलचल
जहां मेन बोर्ड पर नए आईपीओ सीमित हैं, वहीं एसएमई सेगमेंट में गतिविधि लगातार बनी हुई है। सप्ताह की शुरुआत नेप्च्यून लॉजिटेक के आईपीओ से होगी। यह आईपीओ सोमवार, 15 दिसंबर को खुलेगा और बुधवार, 17 दिसंबर को बंद होगा। करीब 46.62 करोड़ रुपये के इस इश्यू का फिक्स्ड प्राइस 126 रुपये प्रति शेयर रखा गया है और इसकी लिस्टिंग बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर होगी।
आएंगे दो और एसएमई आईपीओ
सप्ताह के दूसरे हिस्से में एमआरसी टेक्नोक्रेट्स अपना आईपीओ लेकर आ रही है। यह इश्यू बुधवार, 17 दिसंबर को खुलेगा और शुक्रवार, 19 दिसंबर को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 88 रुपये से 93 रुपये प्रति शेयर है और इश्यू साइज 42.59 करोड़ रुपये का है। कंपनी एनएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होगी।
इसी दौरान ग्लोबल ओशन लॉजिस्टिक्स इंडिया का आईपीओ भी खुलेगा। इस इश्यू का प्राइस बैंड 74 रुपये से 78 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और इसका साइज 30.41 करोड़ रुपये है। यह आईपीओ बीएसई एसएमई एक्सचेंज पर लिस्ट होगा।
नए आईपीओ और एक साथ कई लिस्टिंग होने की वजह से अगला सप्ताह निवेशकों के लिए काफी अहम रहने वाला है। एक तरफ प्राइमरी मार्केट में नए निवेश के मौके मिलेंगे, वहीं दूसरी तरफ सेकेंडरी मार्केट में नई कंपनियों की एंट्री से हलचल बढ़ेगी। खासकर ICICI प्रूडेंशियल एएमसी, कोरोना रेमेडीज और केएसएच इंटरनेशनल जैसे नाम निवेशकों के रडार पर रहेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।