क्या आपने भी कभी सोचा है कि SIP (Systematic Investment Plan) करने के लिए महीने की कौन-सी तारीख सबसे ज़्यादा फायदेमंद होती है? कई लोग मानते हैं कि अगर सैलरी 1 तारीख को आती है तो SIP भी उसी दिन करना अच्छा है। वहीं, कुछ लोग कहते हैं कि महीने के आखिर में यानी 25 तारीख को निवेश करना बेहतर है क्योंकि उस समय बाज़ार अक्सर नीचे होता है और यूनिट्स सस्ते में मिल जाते हैं। लेकिन क्या वाकई ये सच है? आइए जानते हैं रिसर्च डाटा के मुताबिक किस दिन SIP करना ज्यादा फायदेमंद रहता है।
रिसर्च क्या कहती है?
डेटा और एक्सपर्ट्स का कहना है कि SIP की तारीख बदलने से आपके रिटर्न पर बहुत कम असर पड़ता है। चाहे आप 1, 10, 15 या 25 तारीख को निवेश करें, लंबे समय में फर्क 0.1% से 0.5% से ज़्यादा नहीं होता। यानी अगर आप 15–20 साल तक निवेश करते हैं तो तारीख बदलने से आपके फंड की ग्रोथ पर कोई बड़ा जादुई असर नहीं पड़ेगा।
असली सीक्रेट कहां छुपा है?
SIP से मोटा रिटर्न कमाने का असली फॉर्मूला इस बात में नहीं है कि आप किस दिन निवेश करते हैं, बल्कि इस बात में है कि आप निवेश कैसे करते हैं। इसके लिए तीन सुनहरे नियम हैं:
1. नियमित निवेश करें – SIP का असली फायदा तभी मिलता है जब यह लगातार चलती रहे, चाहे बाजार ऊपर हो या नीचे। अगर आप बीच में रोकते हैं तो असली मुनाफा गंवा देते हैं।
2. लंबे समय तक बने रहें – SIP कोई लॉटरी नहीं, बल्कि एक मैराथन है। जितना लंबा आप निवेश करेंगे, उतना ही कम्पाउंडिंग का जादू काम करेगा और आपका पैसा तेज़ी से बढ़ेगा।
3. सही फंड चुनें – तारीख बदलने से ज़्यादा ज़रूरी है कि आप किस फंड में निवेश कर रहे हैं। अगर फंड अच्छा नहीं है, तो किसी भी तारीख पर SIP करने से फायदा नहीं मिलेगा।
इसका सीधा मतलब है कि SIP के लिए "लकी डेट" जैसी कोई चीज़ नहीं होती। ज़रूरी है कि आप हर महीने लगातार निवेश करते रहें, धैर्य बनाए रखें और सही फंड का चुनाव करें। यही तरीका आपको लंबे समय में बड़ा फंड बनाने में मदद करेगा।
