भोपाल में मनचलों का दुस्साहस, बीच राह महिला के चेहरे को ब्लेड से काट डाला, आए सैकड़ों टांके

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 11, 2022, 07:44 PM IST

Bhopal News: छेड़छाड़ का विरोध करने पर भोपाल में तीन मनचलों ने एक महिला को जिंदगीभर का दर्द दे दिया। इन बदमाशों ने महिला के चेहरे पर इतनी जोर से ब्लेड मारी कि वह बेसुध हो गई। होश आई तो वह अस्पताल में भर्ती थी। उसके चेहरे पर 100 से भी ज्यादा टांके आए हैं।

भोपाल में मनचलों का दुस्साहस, बीच राह महिला के चेहरे को ब्लेड से काट डाला, आए सैकड़ों टांके

Bhopal Crime News: भोपाल के टीटी नगर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां छेड़छाड़ का विरोध करने पर दुस्साहसी मनचलों ने एक महिला के चेहरे पर ब्लेड से गंभीर वार कर दिया। इस हमले में पीड़िता बुरी तरह से घायल हो गई। घाव इतने गहरे थे कि पीड़िता के चेहरे पर 118 टांके आए हैं। महिला ने इसके बाद भी हिम्मत नहीं हारी और पुलिस थाने में मनचलों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस अब मामले की जांच कर मनचलों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।  

सीटी बजाकर कर रहे थे गंदे कमेंट

मामला 9 जून को भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र का है। यहां मनचले लगातार महिला से अभद्रता कर रहे थे। सिटी बजाने के साथ ही वह महिला पर गंदे कमेंट कर रहे थे, जिसका पीड़िता ने विरोध किया था। पीड़िता ने बताया कि वह शिवाजी नगर में अपने तीन बच्चों और पति के साथ रहती है। वह यहां एक डॉक्टर के यहां काम करती है। 9 जून को रात करीब आठ बजे वह अपने पति के साथ टीटी नगर में एक होटल से पानी खरीदने गई थी।

मनचले को मारा थप्पड़

पति पानी लेने होटल के अंदर चले गए। इस दौरान तीन मनचले ऑटो से वहां आए। उन्होंने पीड़िता के साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया। कोई सीटी बजाने लगा तो कोई गंदे कमेंट करने लगा। आरोप है कि जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो मनचले उसे गालियां देने लगे। जिसपर उसने एक मनचले को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद मनचले मौके से भाग गए।    

पीछा किया और फिर चेहरे पर मार दी ब्लेड 

पीड़िता का कहना है कि जब वह पति के साथ घर लौट रही थी तो तीनों मनचले उनका पीछा करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने पीड़िता के चेहरे पर ब्लेड से वार ​कर दिया। ब्लेड से महिला के चेहरे के दांए हिस्से से लेकर बाएं हिस्से तक गहरा चीरा लगा तो वह लहूलुहान होकर बेसुध हो गई। पीड़िता के पति ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसके चेहरे पर 118 टांके लगाए गए। शनिवार को पीड़िता को अस्पताल से छुट्टी मिली है। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों को इतनी सख्त सजा मिलनी चाहिए कि वे फिर किसी के साथ ऐसी हरकत न कर सकेें। पीड़िता ने घटना के संबंध में टीटीनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!