Toyota Innova GX+ Variant Launched: टोयोटा किर्लोसकर मोटर ने भारत में बहुत पॉपुलर इनोवा क्रिस्टा एमपीवी का नया जीएक्स प्लस वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने एमपीवी के नए वेरिएंट की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 21.39 लाख रुपये रखी है। इनोवा क्रिस्टा लाइनअप में नए जीएक्स प्लस वेरिएंट की जगह जीएक्स और वीएक्स वेरिएंट के बीच की है, वहीं बताए गए जीएक्स वेरिएंट्स के मुकाबले इसके साथ कई नए फीचर्स दिए गए है। इस कीमत के साथ इनोवा क्रिस्टा एमपीवी और भी पैसा वसूल हो गई है और ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से नया वेरिएंट तैयार किया गया है।
नए फीचर्स कौन-कौन से मिले
इनोवा क्रिस्टा के जीएक्स वेरिएंट की तुलना में नए जीएक्स प्लस के साथ कई नए फीचर्स दिए गए हैं। इनमें रियर कैमरा, ऑटो फोल्ड मिरर्स, डैश कैम, डायमंड कट अलॉय व्हील्स, वुडन पैनल्स और प्रीमियम फैब्रिक वाली सीट्स शामिल हैं। जीएक्स वेरिएंट के मुकाबले नए वेरिएंट को 14 नए फीचर्स दिए गए हैं। जीएक्स प्लस 7 और 8-सीटर लेआउट दोनों में उपलब्ध कराया गया है जिनकी एक्सशोरूम कीमत क्रमशः 21.39 लाख और 21.44 लाख रुपये रखी गई है। जीएक्स के मुकाबले इसकी कीमत 1.40 लाख से 1.45 लाख रुपये ज्यादा है।
इंजन और मुकाबला दोनों धाकड़
टोयोटा ने इनोवा क्रिस्टा के नए जीएक्स प्लस वेरिएंट में कोई तकनीकी बदलाव नहीं किया है। इसके साथ 2.4-लीटर डीजल इंजन दिया गया है जो 150 एचपी ताकत और 343 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने सामान्य तौर से इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया है। भारतीय मार्केट में टोयोटा इनोवा क्रिस्टा की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये है जो 26.30 लाख रुपये तक जाती है। टोयोटा के कार लाइनअप में इनोवा क्रिस्टा की जगह इनोवा हाइक्रॉस के नीचे की है। इसका कोई सीधा मुकाबला भारत में फिलहाल मौजूद नहीं है, लेकिन इसकी टक्कर किआ कारेंस और महिंद्रा मराजो से होती है।
