देशभर में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और इसका असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं, बल्कि वाहनों पर भी पड़ता है। अधिक तापमान के कारण कार में कई तरह की तकनीकी समस्याएं आने लगती हैं। ऐसे में गर्मियों के मौसम से पहले कार की सही देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है। एक्सपर्ट के मुताबिक कुछ जरूरी जांच और रखरखाव समय पर कर लेने से कार को खराब होने और बीच रास्ते में रुकने जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है।
इंजन कूलेंट की जांच है जरूरी
गर्मी के मौसम में इंजन सबसे ज्यादा प्रभावित होता है। इसलिए इंजन कूलेंट की स्थिति की जांच करना बेहद जरूरी माना जाता है। सामान्य तौर पर कंपनियां हर 24 महीने में कूलेंट बदलने की सलाह देती हैं। अगर कूलेंट कम या खराब हो जाए तो इंजन अधिक गर्म हो सकता है, जिससे उसकी परफॉर्मेंस प्रभावित होती है।
फिल्टर साफ रखना जरूरी
धूल और मिट्टी के कारण एयर फिल्टर, ऑयल फिल्टर और PCV फिल्टर जाम हो सकते हैं। इससे इंजन की क्षमता कम हो जाती है और माइलेज पर भी असर पड़ता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले फिल्टर की जांच और सफाई करवा लेना बेहतर रहता है।
AC सिस्टम की सर्विस कराएं
गर्मी में कार का एयर कंडीशनिंग सिस्टम सबसे अहम भूमिका निभाता है। अगर AC पाइपलाइन जाम हो, गैस कम हो या कूलिंग सिस्टम में कोई खराबी हो तो कार में ठंडी हवा नहीं मिलती। ऐसे में यात्रा काफी मुश्किल हो सकती है। इसलिए गर्मी आने से पहले किसी विशेषज्ञ से AC सिस्टम की जांच कराना जरूरी है।
टायर और स्पेयर टायर की जांच न भूलें
अधिक तापमान का असर टायरों पर भी पड़ता है। गर्मी में टायर जल्दी गर्म होकर कमजोर हो सकते हैं। इसलिए नियमित रूप से टायर प्रेशर चेक करना जरूरी है। साथ ही स्पेयर टायर की भी जांच करनी चाहिए। विशेषज्ञ बेहतर परफॉर्मेंस के लिए हवा की जगह नाइट्रोजन भरवाने की सलाह देते हैं, क्योंकि यह लंबे सफर में भी अपेक्षाकृत ठंडी रहती है।
बैटरी पर गर्मी का असर
गर्म मौसम बैटरी की लाइफ कम कर सकता है। अधिक तापमान में बैटरी में जंग लगने की संभावना भी बढ़ जाती है। इसलिए बैटरी फ्लूइड लेवल, वायरिंग और कनेक्शन की समय-समय पर जांच करानी चाहिए। यदि कोई समस्या दिखे तो तुरंत विशेषज्ञ की मदद लेनी चाहिए।
ब्रेक सिस्टम की भी करें जांच
कई लोग सिर्फ बारिश के मौसम में ब्रेक सिस्टम की जांच करवाते हैं, लेकिन गर्मी में भी ब्रेक पैड तेजी से घिस सकते हैं। अधिक तापमान के कारण ब्रेकिंग सिस्टम पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में गर्मी शुरू होने से पहले ब्रेक की जांच और सर्विसिंग कराना सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जरूरी माना जाता है।
इंजन ऑयल की गुणवत्ता बनाए रखें
गर्मी में इंजन ऑयल की गुणवत्ता और उसकी क्षमता प्रभावित हो सकती है। यदि ऑयल सही स्थिति में न हो तो इंजन की परफॉर्मेंस और लाइफ दोनों कम हो सकती हैं। इसलिए गर्मियों के दौरान नियमित रूप से इंजन ऑयल की जांच और जरूरत पड़ने पर उसे बदलना जरूरी है।
