Red Light On, Gaadi Off: दिल्ली सरकार वाहन प्रदूषण पर रोक लगाने के उद्देश्य वाले एक अभियान को 26 अक्टूबर को फिर से शुरू करेगी, जिस पर उप राज्यपाल वी.के. सक्सेना ने एक साल पहले इसके असर पर सवाल उठाते हुए रोक लगा दी थी। दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग के सूत्रों की मानें तो, इस साल ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान के लिए उप राज्यपाल की मंजूरी जरूरी नहीं होगी क्योंकि प्रतिभागियों को इस बार कोई मानदेय नहीं मिलेगा।
‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने संवाददाताओं को बताया कि अभियान 26 अक्टूबर को शुरू होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस समय ‘ऑड-इवन’ नंबर के आधार पर कार चलाने की योजना पर विचार नहीं किया जा रहा। ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान सबसे पहले 16 अक्टूबर, 2020 को शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य चालकों को यातायात सिग्नल पर हरी बत्ती जलने तक इंतजार करते समय अपनी गाड़ियों का इंजन बंद करने के लिए प्रोत्साहित करके वाहन प्रदूषण कम करना था।
प्रदूषण कम करने की पहल
केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान द्वारा 2019 में कराये गये एक अध्ययन में दावा किया गया था कि किसी यातायात सिग्नल पर गाड़ी के रुके होने के दौरान उसके इंजन को चालू रखने से प्रदूषण का स्तर नौ प्रतिशत से अधिक बढ़ता है। वहीं, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ (पीसीआरए) द्वारा भीकाजी कामा प्लेस चौराहे पर किए गए एक अन्य अध्ययन से पता चला कि 62 प्रतिशत से अधिक लोगों ने इस तरह के अभियान के बाद अपने वाहनों को बंद करना शुरू कर दिया।
