Nissan X Trail: भारत में SUVs की पसंद में लगातार इजाफा हो रहा है। कार निर्माता कंपनी निसान जल्द ही भारत में अपनी नई SUV लेकर आ सकती है जिसका नाम X ट्रेल होगा। हाल ही में कंपनी ने इस कार का दूसरा टीजर वीडियो जारी किया है। कंपनी द्वारा जारी किये गए वीडियो में कार का इंटीरियर दिखाया गया है। आइये जानते हैं कि नई निसान X ट्रेल में आपको क्या कुछ खास फीचर्स देखने को मिल सकते हैं।
नए टीजर से ये बातें हुईं साफ
कंपनी द्वारा जारी किये गए कार के नए टीजर में कार के इंटीरियर से संबंधित जानकारी दी गई है। नए टीजर से यह साफ़ हो जाता है कि कंपनी की इस SUV में आपको सनरूफ देखने को मिलेगी। इसके साथ ही कार में एक बड़ी फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम भी है। कार में ड्यूल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कण्ट्रोल सिस्टम भी देखने को मिलेगा और साथ ही ड्राइव डिस्प्ले यानी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी पूरी तरह डिजिटल होगा।
कार में और क्या होगा खास?
इसके साथ ही आपको कार में एडवांस्ड ड्राईवर असिस्टेंट सिस्टम (ADAS) से संबंधित फीचर्स भी देखने को मिलेंगे। कार में इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक भी होगा और ऑटो-होल्ड फंक्शन के साथ इसे ऑफर किया जाएगा। माना जा रहा है कि कार को भारत में लगभग 45 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जाएगा। भारत में इस कार का 7 सीट वेरिएंट पेश किया जाएगा।
