ऑटो न्यूज़

सिर्फ लुक और माइलेज काफी नहीं! नई Bike खरीदते समय जरूर देख लें ये 5 टेक्नोलॉजी

आज की आधुनिक बाइक्स केवल स्टाइल और माइलेज तक सीमित नहीं हैं। इनमें मिलने वाली नई टेक्नोलॉजी आपकी सुरक्षा, सुविधा और राइडिंग एक्सपीरियंस को काफी बेहतर बना सकती है।

Image

खरीदारी से पहले जरूर चेक करें ये टेक्नोलॉजी (AI Generated Image)

नई बाइक खरीदते समय ज्यादातर लोग सबसे पहले उसका लुक, माइलेज और कीमत देखते हैं। हालांकि, आज के समय में केवल यही तीन फैक्टर पर ध्यान देना काफी नहीं हैं। आधुनिक बाइक्स में कई ऐसी टेक्नोलॉजी मिलने लगी हैं, जो न केवल आपकी राइड को आसान बनाती हैं, बल्कि सुरक्षा, आराम और परफॉर्मेंस भी बेहतर करती हैं। अगर आप नई बाइक खरीदने की योजना बना रहे हैं तो इन पांच जरूरी टेक्नोलॉजी पर जरूर ध्यान देना चाहिए-

ABS (Anti-lock Braking System)

ABS आज की सबसे जरूरी सेफ्टी टेक्नोलॉजी में से एक है। अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में यह फीचर पहियों को लॉक होने से बचाता है, जिससे बाइक का बैलेंस बना रहता है और फिसलने का खतरा कम हो जाता है। 125cc से ऊपर की कई बाइक्स में सिंगल-चैनल या डुअल-चैनल ABS मिलता है। अगर आपके बजट में आती है तो डुअल-चैनल ABS वाली बाइक चुनना बेहतर रहेगा क्योंकि यह आगे और पीछे दोनों पहियों पर बेहतर ब्रेकिंग कंट्रोल देता है।

Traction Control System (TCS)

आजकल कुछ प्रीमियम और मिड-रेंज बाइक्स में Traction Control System भी मिलने लगा है। यह सिस्टम फिसलन वाली सड़क या बारिश के दौरान टायर की ग्रिप बनाए रखने में मदद करता है। अगर पीछे का पहिया जरूरत से ज्यादा घूमने लगता है, तो यह सिस्टम इंजन की पावर को कंट्रोल कर देता है, जिससे बाइक पर कंट्रोल बनाए रखना आसान हो जाता है। जो लोग लंबी दूरी तय करते हैं या अलग-अलग मौसम में बाइक चलाते हैं, उनके लिए यह फीचर काफी काम का साबित होता है।

Bluetooth Connectivity और Smart Console

अब कई बाइक्स में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ ब्लूटुथ कनेक्टिविटी भी मिलती है। इसे स्मार्टफोन से जोड़कर कॉल अलर्ट, SMS नोटिफिकेशन, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल और राइड डेटा जैसी सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए काम का है, जो रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं या नए रास्तों पर ट्रैवल करते हैं।

LED Lighting और DRLs

नई बाइक खरीदते समय यह भी देखें कि उसमें पूरी तरह LED हेडलाइट, टेललाइट और DRLs (Daytime Running Lights) दिए गए हैं या नहीं। LED लाइट्स सामान्य हैलोजन लाइट की तुलना में ज्यादा रोशनी देती हैं, बिजली की कम खपत करती हैं और इनकी लाइफ भी अधिक होती है। वहीं DRLs दिन के समय भी आपकी बाइक को दूसरे गाड़ी चलाने वालों को साफ तौर पर देखने में मदद करते हैं, जिससे सुरक्षा बढ़ती है।

Ride Modes और Assist and Slipper Clutch

आजकल कई बाइक्स में अलग-अलग Ride Modes जैसे Eco, Rain, Road और Sport दिए जा रहे हैं। इनकी मदद से आप सड़क और मौसम के अनुसार बाइक की परफॉर्मेंस बदल सकते हैं। इसके अलावा Assist and Slipper Clutch भी एक काम की टेक्नोलॉजी है। यह क्लच को हल्का बनाता है, जिससे ट्रैफिक में बार-बार क्लच दबाने पर हाथ कम थकता है। साथ ही तेज गति में गियर डाउन करते समय पीछे का पहिया लॉक होने का खतरा भी कम हो जाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article