maserati grecale folgore/photo-maserati
लग्जरी कार निर्माता Maserati ने भारत में अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक SUV, Grecale Folgore को लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.89 करोड़ रखी गई है। यह मॉडल ब्रांड की ICE (पेट्रोल इंजन) वेरिएंट्स के साथ बेचा जाएगा, जिनमें स्टैंडर्ड वेरिएंट ₹1.31 करोड़, मोडेना ₹1.40 करोड़ और ट्रोफियो ₹1.96 करोड़ से शुरू होते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इलेक्ट्रिक फोलगोर वेरिएंट, टॉप-एंड ट्रोफियो से थोड़ा सस्ता है।
Maserati Grecale Folgore में 105 kWh की बैटरी पैक दी गई है, जिसमें दो मोटरें (एक-एक हर एक्सल पर) लगी हैं, जो मिलकर 550 hp की पावर और 820 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती हैं। यह SUV मात्र 4.1 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 220 किमी/घंटा है। 2,480 किलोग्राम वजन के बावजूद, यह SUV 501 किमी की रेंज प्रदान करती है। चार्जिंग के लिए इसमें 22 kW AC चार्जर और 150 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।
पावरट्रेन पूरी तरह नया है, लेकिन इसका इंटीरियर डिजाइन ICE वर्जन जैसा ही रखा गया है। इसमें तीन डिजिटल डिस्प्ले दिए गए हैं, 12.3-इंच ड्राइवर डिस्प्ले, 12.3-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन और 8.8-इंच क्लाइमेट कंट्रोल स्क्रीन। स्टीयरिंग व्हील पर वॉल्यूम और मल्टीफंक्शन बटन, साथ ही बड़े पैडल शिफ्टर्स भी मिलते हैं।
मासेराती ग्रेकाले फोलगोर में लग्जरी फीचर्स की लंबी लिस्ट दी गई है जिनमें पैनोरमिक सनरूफ, 1,285W Sonus Faber ऑडियो सिस्टम (21 स्पीकर्स के साथ), हीटेड लेदर स्टीयरिंग व्हील, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर और रीयर प्राइवेसी ग्लास आदि शामिल हैं। इसके अलावा इंटीरियर अपहोल्स्ट्री के लिए 16 कलर ऑप्शंस, और एक्सटीरियर के लिए 24 पेंट शेड्स उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग व्हील डिजाइन भी चुन सकते हैं।
फोलगोर इलेक्ट्रिक SUV में मासेराती की सिग्नेचर डिजाइन लैंग्वेज को बरकरार रखा गया है जैसे कि लो-सेट कंकैव ग्रिल, D-पिलर पर ट्राइडेंट लोगो, और इलेक्ट्रिक वर्जन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए बंपर। इसके अलावा इसमें ब्रॉन्ज ब्रेक कैलिपर्स, Folgore बैजिंग, और नई अलॉय व्हील डिजाइन दी गई है, जो इसे एक विशिष्ट पहचान देती है।