ऑटो न्यूज़

Maruti Suzuki ने शुरू की नई जनरेशन Swift की बुकिंग, सिर्फ 11,000 रुपये में लाएं घर

New Generation Swift Bookings Open: मारुति सुजुकी भारतीय मार्केट में बहुत जल्द नई जनरेशन स्विफ्ट लॉन्च करने वाली है जिसकी बुकिंग लेना कंपनी ने शुरू कर दिया है। 11,000 टोकन देकर इसमें दिलचस्पी रखने वाले ग्राहक 2024 स्विफ्ट की बुकिंग कर सकते हैं। सेफ्टी में ये कार अब बेहतर हो गई है।

Image

11,000 रुपये टोकन देकर आप इसकी बुकिंग करा सकते हैं।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • मारुति सुजुकी स्विफ्ट की बुकिंग शुरू
  • जल्द लॉन्च होगी नई जनरेशन हैचबैक
  • सेफ्टी में जोरदार, मिलेंगे 6 एयरबैग्स

New Generation Swift Bookings Open: मारुति सुजुकी की स्विफ्ट को भारतीय मार्केट में लंबे समय से खूब पसंद किया जा रहा है और निराशाजनक सेफ्ट रेटिंग के बाद भी इस हैचबैक की बिक्री में कभी कोई कमी नहीं आई। लेकिन अब कंपनी नई जनरेशन स्विफ्ट बहुत जल्द भारत में लॉन्च करने वाली है जिसके साथ पहले से बहुत बेहतर सेफ्टी फीचर्स मिलने वाले हैं। मारुति सुजुकी ने नई स्विफ्ट की बुकिंग लेना शुरू कर दिया है और 11,000 रुपये टोकन देकर आप इसकी बुकिंग करा सकते हैं। इस कार के साथ ना सिर्फ नया लुक और स्टाइल दिया जा रहा है, बल्कि फीचर्स के मामले में भी नई जनरेशन स्विफ्ट बहुत आधुनिक होगी।

सामान्य रूप से 6 एयरबैग्स मिलेंगे

मारुति सुजुकी 8 या 9 मई 2024 को नई जनरेशन स्विफ्ट लॉन्च करने वाली है जिसके ज्यादातर फीचर्स की जानकारी मिल चुकी है। सबसे ताजा रिपोर्ट की मानें तो मारुति की नई स्विफ्ट के साथ सामान्य रूप से 6 एयरबैग्स मिलेंगे, यानी सेफ्टी के मामले में अब ये कार कमजोर नहीं पड़ने वाली है। इसके अलावा नई जनरेशन स्विफ्ट के साथ रियर एसी वेंट्स, पहले वाला 9-इंच टचस्क्रीन, सुजुकी कनेक्ट तकनीक और वायरलेस चार्जिंग के साथ एलईडी फॉगलैंप्स भी मिलने वाले हैं। नई स्विफ्ट में हाइब्रिड इंजन मिलेगा जो हैचबैक के महंगे वेरिएंट्स को दिया जा सकता है।

दिखने में कितनी बदली

नई जनरेशन सुजुकी स्विफ्ट दिखने में काफी कुछ बदल गई है, कार के अगले हिस्से में पैने लुक वाले हेडलैंप्स दिए गए हैं। कार का चेहरा भी कुछ बदला है जिसमें बड़े साइज की ग्रिल शामिल है। इसके बाद प्रोजेक्टर सेटअप और एलईडी डीआरएल की बारी आती है। टोक्यो मोटर शो में दिखाई गई स्विफ्ट को एडीएएस दिया गया है, हालांकि भारतीय मार्केट में इस फीचर को पेश किए जाने की संभावना सिर्फ टॉप मॉडल के साथ है। कुल मिलाकर ये कार दिखने में अब तक की सबसे खूबसूरत स्विफ्ट कही जा रही है।

मिलेगा नया दमदार इंजन

नई जनरेशन स्विफ्ट के साथ कंपनी नया तीन-सिलेंडर 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दे सकती है जो सीवीटी गियरबॉक्स से लैस होगा। सुजुकी इस नई हैचबैक को जल्द ही जापान में लॉन्च करने वाली है जिसके साथ मिलने वाला इंजन जेड12ई सीरीज का है। हालांकि ये जानकारी अभी सुजुकी की ओर से आधिकारिक तौर पर नहीं मिली है। हमारा मानना है कि ये दमदार इंजन होगा जो 100 बीएचपी ताकत और 150 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी का दावा है कि पेट्रोल इंजन 23.40 किमी/लीटर माइलेज देगा, वहीं इसका हाइब्रिड इंजन एक लीटर पेट्रोल में 24.50 किमी तक चलेगा।

क्या नया, क्या पुराना

चौथी जनरेशन स्विफ्ट के साथ पूरी बॉडी पर दिखने वाली कैरेक्टर लाइंस दी गई हैं जो हेडलैंप्स के साथ खूबसूरती से मिलती हैं। कार की छत पहले जैसी ही है, लेकिन इसे नए दरवाजों से लैस किया गया है, खासतौर पर पिछले दरवाजे जिनके डोर हैंडल ए-पिलर से हटकर दोबारा सामान्य जगह पर आ गए हैं। कार का पिछला हिस्सा भी काफी बदल दिया गया है जिसमें बंपर और टेलगेट में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। टोयोक्यो मोटर शो में दिखी स्विफ्ट हाइब्रिड है।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article