Maruti Suzuki Invicto ADAS: मारुति सुजुकी ने 25,000 रुपये टोकन के साथ नई इंविक्टो एमपीवी के लिए बुकिंग्स लेना शुरू कर दिया है और इसे 5 जुलाई को भारत में लॉन्च किया जाने वाला है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स में जहां इसके साथ एडीएएस मिलने को लेकर अहम जानकारी सामने आई है, वहीं हाल में नजर आए स्पाय फोटो में नई कार का केबिन भी लॉन्च से पहले ही देखने को मिल गया है। इसके अलावा ये जानकारी भी सामने आई है कि टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस में मिलने वाले कई सारे फीचर्स इंविक्टो में नदारद होंगे जिनमें जेबीएल का साउंड सिस्टम और पावर्ड टेलगेट शामिल हैं।
मारुति सुजुकी की प्रीमियम एमपीवी
नई मारुति सुजुकी एमपीवी प्रीमियम कैटेगिरी में आएगी और इसकी कीमत करीब 18-20 लाख रुपये होने का अनुमान है। नई इनोवा हाइक्रॉस की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 18.55 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 29.99 लाख रुपये तक जाती है। नया वीएक्स -ओ- वेरिएंट 6 और 7-सीटर कन्फिगरेशन में आया है। वीएक्स वेरिएंट में मिलने वाले फीचर्स के अलावा नए वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ के साथ मूड लाइटिंग, एलईडी फॉग लैंप्स, 10-इंच इंफोटेनमेंट, वायरलेस ऐप्पल कारप्ले और 6 एयरबैग्स दिए गए हैं।
Invicto में नहीं मिलेगा ADAS?
ताजा मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस एसयूवी पर आधारित नई मारुति सुजुकी इंविक्टो के साथ एडीएएस नहीं मिलने वाला। नई इंविक्टो बजट में रखने के लिए ये कदम संभवतः उठाया गया है। स्टाइल और डिजाइन के मामले में इनोवा हाइक्रॉस के साथ मारुति सुजुकी इंविक्टो दोनों ही जोरदार गाड़ियां हैं। हाइक्रॉस के अगले हिस्से में चौड़ी ग्रिल और इसके दोनों ओर एलईडी हेडलैंप्स और डीआरएल दिए गए हैं। अगले-पिछले हिस्से में दमदार बंपर्स दिए गए हैं जो चौड़े इंटेक्स के साथ आए हैं।
फीचर्स के मामले में जोरदार
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है। इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है। सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है। एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है।
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है। जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है। इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं। एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है, इसका मतलब ये है कि एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है।
