Maruti Suzuki Invicto Sunroof: मारुति सुजुकी 5 जुलाई 2023 को भारत में अपनी सबसे महंगी एसयूवी लॉन्च करने वाली है जिसका नाम इंविक्टो है। कंपनी 25,000 रुपये टोकन राशि के साथ इस एसयूवी के लिए बुकिंग ले रही है और हाल में इंविक्टो का नया टीजर जारी किया गया है। लॉन्च से पहले सामने आई इस फोटो में कार के साथ मिली बड़े साइज की सनरूफ का खुलासा हो गया है। ये जोरदार लुक वाली दमदार एसयूवी होगी जो टोयोटा हाइक्रॉस पर आधारित है। हालांकि मारुति सुजुकी के बैनर तले लॉन्च हो रही इस कार को कई बड़े बदलावों के साथ पेश किया जाएगा।
मारुति सुजुकी की प्रीमियम एमपीवी
नई मारुति सुजुकी एमपीवी प्रीमियम कैटेगिरी में आएगी और इसकी कीमत करीब 18-20 लाख रुपये होने का अनुमान है। नई इनोवा हाइक्रॉस की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 18.55 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 29.99 लाख रुपये तक जाती है। नया वीएक्स -ओ- वेरिएंट 6 और 7-सीटर कन्फिगरेशन में आया है। वीएक्स वेरिएंट में मिलने वाले फीचर्स के अलावा महंगे वेरिएंट में पैनोरमिक बड़े साइज की सनरूफ के साथ मूड लाइटिंग, एलईडी फॉग लैंप्स, 10-इंच इंफोटेनमेंट, वायरलेस ऐप्पल कारप्ले और 6 एयरबैग्स दिए गए हैं।
इंविक्टो में नहीं मिलेगा एडीएएस?
ताजा मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस एसयूवी पर आधारित नई मारुति सुजुकी इंविक्टो के साथ एडीएएस नहीं मिलने वाला। नई इंविक्टो बजट में रखने के लिए ये कदम संभवतः उठाया गया है। स्टाइल और डिजाइन के मामले में इनोवा हाइक्रॉस के साथ मारुति सुजुकी इंविक्टो दोनों ही जोरदार गाड़ियां हैं। हाइक्रॉस के अगले हिस्से में चौड़ी ग्रिल और इसके दोनों ओर एलईडी हेडलैंप्स और डीआरएल दिए गए हैं। अगले-पिछले हिस्से में दमदार बंपर्स दिए गए हैं जो चौड़े इंटेक्स के साथ आए हैं।
फीचर्स के मामले में जोरदार
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है। इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है। सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है। एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है।
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है। जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है। इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं। एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है, इसका मतलब ये है कि एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है।
