Maruti Suzuki आने वाले वर्षों में भारतीय बाजार में कई नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी कई SUV के साथ इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड, CNG और पेट्रोल इंजन वाले मॉडल लाने की योजना में है। फिलहाल कंपनी के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में eVitara मौजूद है। इसके बाद अब एक नई 3-रो इलेक्ट्रिक MPV को लाने की तैयारी है, जिसे YMC कोडनेम दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मॉडल इस साल के अंत तक पेश हो सकता है और अगले साल की शुरुआत में बिक्री के लिए आ सकता है।
सबसे छोटी और किफायती 7-सीटर EV
आने वाली Maruti YMC को कंपनी की सबसे छोटी और किफायती 7-सीटर इलेक्ट्रिक कार के तौर पर पेश किया जा सकता है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 14 लाख रुपये होने का अनुमान है। इससे इलेक्ट्रिक MPV सेगमेंट में इसकी पहुंच ज्यादा ग्राहकों तक हो सकती है। कंपनी के Battery-as-a-Service यानी BaaS रेंटल प्रोग्राम के जरिए शुरुआती खरीद लागत को और कम करने की कोशिश की जा सकती है। बाद में Toyota भी इस मॉडल पर आधारित अपना डेरिवेटिव मॉडल पेश कर सकती है।
500km से ज्यादा हो सकती है रेंज
Maruti YMC के बैटरी पैक और रेंज को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें eVitara में इस्तेमाल होने वाले 49kWh और 61kWh बैटरी पैक में से विकल्प दिए जा सकते हैं। दोनों बैटरी पैक को फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर और FWD यानी फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ जोड़े जाने की उम्मीद है। एक बार फुल चार्ज करने पर इसकी ड्राइविंग रेंज 500km से ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है।
बॉक्सी डिजाइन और खास टेललैंप
टेस्टिंग के दौरान इस इलेक्ट्रिक MPV को कई बार देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन से जुड़ी कुछ जानकारी सामने आई है। इसमें लंबा और बॉक्सी स्टांस देखने को मिल सकता है। फ्रंट में eVitara से प्रेरित बंपर, एयर इंटेक्स और एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं। पीछे की तरफ वर्टिकली स्टैक्ड टेललैंप्स देखने को मिल सकते हैं, जिनका डिजाइन Maruti Ertiga से इंस्पायर्ड हो सकता है।
फीचर्स में मिल सकती है ये सुविधाएं
फीचर्स की बात करें तो YMC में 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रीमियम साउंड सिस्टम, ऑटो-डिमिंग IRVM, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, मल्टीपल एयरबैग्स और हिल-होल्ड कंट्रोल जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
अगर कंपनी इसे अनुमानित कीमत और 500km से ज्यादा की रेंज के साथ पेश करती है, तो YMC भारतीय बाजार में किफायती 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV के रूप में एक नया विकल्प बन सकती है।
